लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सीमांत मुख्यालय, लखनऊ में सोमवार को आगामी अंतर सीमांत लॉन टेनिस चैंपियनशिप-2026 के शुभंकर ‘लक्ष्य’ का अनावरण किया गया। सीमांत मुख्यालय की महानिरीक्षक मीनू चौधरी (आईपीएस) ने शुभंकर का अनावरण करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। चैंपियनशिप का आयोजन 28 से 30 अक्टूबर तक किया जाएगा।
शुभंकर (लक्ष्य) का अनावरण आगामी प्रतियोगिता के प्रति उत्साह एवं उमंग का प्रतीक है। अंतर सीमांत लॉन टेनिस चैंपियनशिप-2026 का उद्देश्य बल के कार्मिकों के बीच खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा खेल भावना, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं आपसी सहयोग की भावना को सुदृढ़ बनाना है।
इस अवसर पर महानिरीक्षक मीनू चौधरी ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलकूद कार्मिकों में अनुशासन, शारीरिक दक्षता, टीम भावना एवं आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बल की कठिन ड्यूटी के लिए शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और टीम भावना अनिवार्य हैं। खेल इन गुणों को विकसित करने के साथ कार्मिकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सहयोग की भावना भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘लक्ष्य’ केवल एक शुभंकर नहीं, बल्कि उद्देश्य के प्रति समर्पण और सफलता की दिशा में निरंतर प्रयास का प्रतीक है। जिसका ध्यान अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहता है, वही सफलता की मंजिल तक पहुंचता है। एक सच्चा चैंपियन केवल मैच जीतने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन को भी महत्व देता है।
महानिरीक्षक ने कहा कि अंतर सीमांत लॉन टेनिस चैंपियनशिप विभिन्न सीमांत मुख्यालयों से आए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता से बल के कार्मिकों के बीच एकता, सौहार्द और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

उप महानिरीक्षक राजेश ठाकुर ने बताया कि 28 से 30 अक्टूबर तक लखनऊ में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में एसएसबी की आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले वरिष्ठ अधिकारियों सहित लगभग 50 प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सभी टीमें बल की चैंपियन टीम बनने के गौरव के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। प्रतियोगिता के मुकाबले अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस के निर्धारित नियमों के अनुसार खेले जाएंगे। प्रत्येक मुकाबला बेस्ट ऑफ 17 गेम्स प्रारूप में होगा। आठ-आठ गेम की बराबरी होने पर टाईब्रेकर के माध्यम से विजेता का फैसला किया जाएगा।
राजेश ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल सात स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें टीम चैंपियनशिप, ओपन एकल, ओपन युगल, वेटरन युगल, महिला एकल और मिश्रित युगल सहित विभिन्न वर्गों की स्पर्धाएं शामिल होंगी। इसके माध्यम से अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि एसएसबी मुख्यालय, नई दिल्ली से बाहर पहली बार इस स्तर की लॉन टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है और इसकी मेजबानी का अवसर सीमांत मुख्यालय, लखनऊ को मिला है। खेल अधिकारियों और कार्मिकों के बीच आपसी जुड़ाव और सौहार्द बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम हैं। देश के अलग-अलग और दूरदराज के क्षेत्रों में तैनात अधिकारी खेल के मैदान में एक-दूसरे से मिलते हैं, प्रतिस्पर्धा करते हैं और एक-दूसरे को बेहतर ढंग से जानने का अवसर पाते हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal