लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर स्थित शिव सहाय जी स्पोर्ट ग्राउंड में रविवार को बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की अंतर्शाखीय क्रिकेट टूर्नामेंट के जूनियर-ए ग्रुप के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले रोमांचक माहौल में खेले गए। दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पल्टन छावनी शाखा के तनवीर आलम ने दोहरा मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पलटन छावनी की टीम ने टॉस जीतकर बाल निकुंज विद्यालय डे बोर्डिंग को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। गेंदबाजों के दबदबे वाले इस मुकाबले में डे बोर्डिंग की पूरी टीम मात्र 36 रन पर सिमट गई। जवाब में उतरी पलटन छावनी टीम की ओर से तनवीर आलम ने धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

वहीं फाइनल मुकाबला बाल निकुंज इंटर कॉलेज ब्वॉयज विंग और बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पलटन छावनी के बीच खेला गया। मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। पलटन छावनी के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्वॉयज विंग की टीम लगातार विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 46 रन पर ऑल आउट हो गई। पलटन छावनी के गेंदबाजों ने सेमीफाइनल की तरह फाइनल में भी सधी हुई गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलटन छावनी की टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में तनवीर आलम ने सर्वाधिक 14 रन बनाने के साथ दो विकेट भी हासिल किए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते उन्हें लगातार दूसरे मैच में भी मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

समापन अवसर पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने तनवीर आलम को दोहरा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही विजेता पलटन छावनी टीम को स्वर्ण पदक तथा उपविजेता ब्वॉयज विंग टीम को रजत पदक देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, मीडिया प्रभारी ओ.पी. वर्मा, स्कोरर प्रवीण यादव, कमेंटेटर अरविंद दीक्षित, व्यवस्थापक एस.के. पांडे, अंपायर पुलकित त्रिपाठी, नरेंद्र तोमर एवं आनंद शुक्ला सहित चारों शाखाओं के कोच शिवा सिंह, शोभित भारती, स्वाति चौरसिया, नाहिदा खान तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal