Saturday , August 29 2026

लखनऊ में दिखा ‘सतरंगी – बदले का खेल’ का रंग, अंशुमान और महवश ने किया फोटो शूट

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अभिनेता अंशुमान पुष्कर और महवश अपनी आने वाली हिंदी ज़ी5 ओरिजिनल सीरीज़ सतरंगी – बदले का खेल के प्रमोशन के लिए शनिवार को लखनऊ पहुंचे। सीरीज़ की रंगीन दुनिया को दर्शाने के लिए कलाकारों ने शो में दिखाए गए खास टेंपो को फिर से तैयार किया और उसके साथ एक खास फोटोशूट किया।

यह टेंपो शहर की सड़कों पर घूमता नजर आया, जिसने लोगों का ध्यान तुरंत अपनी ओर खींच लिया। कलाकारों ने लखनऊ की संस्कृति और माहौल का भी आनंद लिया और 22 मई 2026 को हिंदी ज़ी5 पर रिलीज होने वाली इस सीरीज़ को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ाई।

सतरंगी – बदले का खेल की कहानी ग्रामीण उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह बदले, सत्ता, वफादारी और संघर्ष की एक दमदार कहानी है। गहन ड्रामा, संबंधों की जटिल परतों और भावनाओं से भरपूर यह सीरीज़ दिखाती है कि पृष्ठभूमि और छल से भरी दुनिया में निजी दुश्मन कैसे सही और गलत के बीच की सीमाओं को धुंधला कर देती है।

अंशुमान पुष्कर ने इस दौरे के बारे में बात करते हुए कहा, “लखनऊ की खूबसूरती और यहां के लोगों का अपनापन बेमिसाल है। यहां हमें जो प्यार और उत्साह मिला, वह सच में बेहद शानदार रहा। शहर में सतरंगी – बदले का खेल के टेम्पो को दोबारा तैयार करना हमारे लिए बहुत मजेदार और यादगार अनुभव था। यहां के लोगों की ऊर्जा और उत्साह ने हमें इस कहानी को हिंदी ज़ी5 के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए और भी ज्यादा उत्साहित कर दिया है।”

अभिनेत्री महवश ने कहा, “मैं पहले भी लखनऊ आ चुकी हूं और इस शहर से जो प्यार मिलता है, वह शायद किसी और शहर में नहीं मिल सकता। यहां के लोग, यहां की संस्कृति और यहां की तहज़ीब दिल को छू जाती है। पूरे टेंपो फोटोशूट ने सतरंगी – बदले का खेल की भावना को बेहद खूबसूरती और जीवंत अंदाज़ में सामने ला दिया। लखनऊ में अपने फैंस से मिलना मेरे लिए ऐसा अनुभव रहा, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगी। यादगार पल कैद करने से लेकर लोगों को शो के माहौल से तुरंत जुड़ते देखना बहुत ही भावुक और खास अनुभव था। अब मैं बेसब्री से 22 मई का इंतजार कर रही हूं, जब दर्शक इस रोमांचक कहानी को देख पाएंगे।”