‘आखरी सवाल’ का दमदार ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच हलचल मचा दी है। संजय दत्त स्टारर यह फिल्म अपने बोल्ड विषय और तीखे सवालों की वजह से पहले ही चर्चा में थी, वहीं अब ट्रेलर ने इस बहस को और तेज कर दिया है। दमदार डायलॉग्स और गहरे नैरेटिव से भरपूर यह ट्रेलर देश के इतिहास और व्यवस्था से जुड़े उन सवालों को सामने लाता है, जिन पर लंबे समय से चर्चा होती रही है।फिल्म में महात्मा गांधी की हत्या में आरएसएस की कथित संलिप्तता, बाबरी मस्जिद विध्वंस और भारतीय आपातकाल जैसे संवेदनशील मुद्दों को दिखाया गया है। ट्रेलर इन घटनाओं से जुड़े कथित रहस्यों और अनसुलझे सवालों की परतें खोलने की कोशिश करता नजर आता है। संजय दत्त ट्रेलर में कई प्रभावशाली संवाद बोलते दिखाई दे रहे हैं, जबकि समीरा रेड्डी की वापसी भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। इसके अलावा नमाशी चक्रवर्ती, अमित साध, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं। खास बात यह है कि ‘आखरी सवाल’ पहली ऐसी हिंदी फिल्म बताई जा रही है, जिसे बधिर दर्शकों के लिए इंडियन साइन लैंग्वेज के साथ रिलीज किया जाएगा, वहीं दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए भी इसे अधिक सुलभ बनाने की कोशिश की गई है। निखिल नंदा द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण निखिल नंदा और संजय दत्त ने किया है। यह फिल्म 15 मई को हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal