Tuesday , June 23 2026

दोस्त के निधन पर भावुक हुए सलमान खान

अभिनेता सलमान खान ने अपने करीबी दोस्त सुशील कुमार के निधन पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर की है। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर दोस्त के साथ पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि सुशील पिछले 42 वर्षों से उनके लिए भाई जैसे थे, सबसे अच्छे, दयालु और हमेशा मदद के लिए तैयार रहने वाले इंसान।अपनी पोस्ट में सलमान खान ने दोस्त की सकारात्मक सोच और जिंदादिली को याद किया। उन्होंने लिखा कि सुशील हर हाल में मुस्कुराते रहते थे और कठिन परिस्थितियों में भी कभी तनाव नहीं लेते थे। चाहे आर्थिक, भावनात्मक या शारीरिक परेशानी हो, वह हमेशा कहते थे कि सब ठीक हो जाएगा। अभिनेता ने भावुक शब्दों में लिखा, अलविदा भाई, तुमने एक सच्चे इंसान की तरह जिंदगी जी और एक चैंपियन की तरह लड़ते हुए विदा ली।”पोस्ट के अंत में सलमान खान ने लिखा कि जीवन अनिश्चित है, इसलिए हर किसी को कुछ ऐसा कर जाना चाहिए जो याद रखा जाए। उन्होंने अपने दोस्त को याद करते हुए कहा कि अब वह जहां भी हों, शांति से रहें। शेयर की गई तस्वीरों में सुशील कुमार के साथ सलमान और उनके पिता सलीम खान भी नजर आ रहे हैं। फिलहाल अभिनेता अपने आगामी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं, जिसमें निर्माता दिल राजू की फिल्म भी शामिल है, जहां उनके साथ नयनतारा नजर आएंगी।