काठमांडू : आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा और उनकी पत्नी, पूर्व विदेश मंत्री डा आरजू देउवा ने विदेश से ही कानूनी परामर्श शुरू कर दिया है। देउवा दंपत्ति इस समय स्वास्थ्य उपचार के लिए हांगकांग में हैं।विदेश में रह रही आरजू व्हाट्सऐप के माध्यम से वकीलों से गिरफ्तारी वारंट को लेकर परामर्श ले रही हैं। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय सभा सदस्य तथा वरिष्ठ अधिवक्ता खम्म बहादुर खाती, वरिष्ठ अधिवक्ता शेरबहादुर केसी समेत अन्य कानूनी विशेषज्ञों से बातचीत की है।अपने खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच शुरू होने के बाद आरजू कांग्रेस नेताओं और अपने निकटस्थ वकीलों के साथ लगातार संपर्क में हैं। उनसे बातचीत करने वाले कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि वह नेपाल की स्थिति और घटनाक्रम के बारे में जानकारी ले रही हैं तथा वीडियो और टेक्स्ट संदेश भी भेज रही हैं।गिरफ्तारी वारंट के बाद नेपाल लौटने या न लौटने के बारे में उन्होंने कुछ स्पष्ट नहीं किया है। वारंट जारी होने के बाद देउवा दंपत्ति को फरार सूची में रखा गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता खाती ने भी पुष्टि की कि वारंट जारी होने के बाद आरजु से उनकी बातचीत हुई है।यदि वे नेपाल नहीं लौटते हैं, तो सरकार इंटरपोल के जरिए ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी में है। कांग्रेस के महासचिव प्रदीप पौडेल ने कहा कि देउवा दंपत्ति को नेपाल आकर जांच में सहयोग करना उपयुक्त होगा। उनके अनुसार, ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी होने से पहले ही स्वदेश लौटकर जांच में सहयोग करने से अच्छा संदेश जाएगा।फरवरी महीने में विदेश गए देउवा दंपत्ति के नेपाल लौटने की कोई निश्चित तिथि नहीं है। 25 फरवरी को पूर्व प्रधानमंत्री देउवा इलाज के नाम पर सिंगापुर गए थे, जबकि आरजू देउवा 22 फरवरी को भारत गई थीं और वहीं से सिंगापुर पहुंची थीं। बाद में देउवा परिवार सिंगापुर से हांगकांग भी गए थे।देउवा ने बताया है कि वे स्वास्थ्य उपचार के लिए विदेश में हैं और इलाज अभी जारी है। गिरफ्तारी वारंट की खबर आने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी और उनके परिवार की संपत्ति को लेकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।उन्होंने कहा, “नेपाल के कानून के अनुसार, हमने सार्वजनिक पद पर रहते हुए अपनी संपत्ति का वास्तविक विवरण संबंधित सरकारी निकायों में प्रस्तुत किया है। लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था, विधि का शासन, स्वतंत्र न्यायपालिका और पारदर्शिता के लिए मैंने अपना पूरा जीवन संघर्ष में बिताया है। मेरा जीवन एक खुली किताब की तरह है।”उन्होंने अपील की कि अतिरंजित और भ्रामक सूचनाओं से लोग भ्रमित न हों और समय के साथ सच्चाई सामने आएगी। देउवा ने यह भी बताया कि उनका इलाज जारी है, हालांकि नेपाल लौटने की समयसीमा के बारे में उन्होंने कुछ नहीं कहा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal