Monday , April 6 2026

‘PNB Soldierathon 2026’ हाफ मैराथन का शुभारंभ 5 अप्रैल को

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंजाब नैशनल बैंक 5 अप्रैल को प्रातः 5 बजे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में अपने प्रमुख हाफ मैराथन “PNB Soldierathon 2026 – Run With Soldiers, Run For Soldiers” के द्वितीय संस्करण का शुभारंभ करेगा। इस आयोजन को अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली है, जिसमें 26,000 से अधिक पंजीकरण दर्ज किए गए हैं। 

दिल्ली चरण में 21.1 किमी (हाफ मैराथन), 10 किमी और 5 किमी की दौड़ श्रेणियां शामिल होंगी, जो विभिन्न फिटनेस स्तरों के प्रतिभागियों के लिए उपयुक्त हैं तथा समावेशिता को बढ़ावा देती हैं। इस आयोजन के लिए कुल ₹19.5 लाख की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

प्रतिभागियों की सुगम भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु दिल्ली मेट्रो की विशेष सेवाएं प्रातः 3:00 बजे से येलो, ब्लू एवं वायलेट लाइनों पर संचालित की जाएंगी। जिससे धावक 5:00 बजे के फ्लैग-ऑफ से पूर्व सुविधापूर्वक आयोजन स्थल तक पहुंच सकें। इसके अतिरिक्त, अपना बिब पहनने वाले प्रतिभागियों को एक बार आने-जाने के लिए निःशुल्क मेट्रो यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

बिब वितरण को सुव्यवस्थित बनाने के लिए बैंक द्वारा 2 से 4 अप्रैल तक त्यागराज स्टेडियम में तीन दिवसीय बिब वितरण एक्सपो का आयोजन किया गया। जिसमें धावकों के लिए विभिन्न सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र, कार्यपालक निदेशक बिभु प्रसाद महापात्र एवं डी सुरेंद्रन उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

अपने प्रमुख हाफ मैराथन को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तारित करने के उद्देश्य से पीएनबी ने विभिन्न विभागों एवं शाखाओं के लिए वर्चुअल मैराथन का भी आयोजन किया है, जो “वन टीम, वन मैराथन” की भावना को सुदृढ़ करता है। देशभर से 1,00,000 से अधिक प्रतिभागियों के इसमें भाग लेने की संभावना है, जो अपनी सुविधा अनुसार 1 किमी, 3 किमी, 5 किमी, 10 किमी या 21.09 किमी की दूरी पूरी कर अपने-अपने शहरों से भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान दर्शाएँगे।

इस पहल पर अपने विचार व्यक्त करते हुए दीपक कुमार (महाप्रबंधक, पीआर एवं सीसीडी, पीएनबी) ने कहा, “PNB Soldierathon 2026 केवल एक दौड़ नहीं, आपितु एक राष्ट्रीय अभियान है, जो हमारे सशस्त्र बलों के प्रति गहरे सम्मान और सामुदायिक सहभागिता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ई-मैराथन की शुरुआत के साथ, हमें इस सम्मान को भौगोलिक सीमाओं से परे ले जाने और देशभर के लोगों को इसमें सहभागी बनाने पर गर्व है।”