Friday , March 27 2026

“पीएनबी सोल्जरथॉन 2026-रन विद सोल्जर्स, रन फॉर सोल्जर्स” 5 अप्रैल को

दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 132वें स्थापना दिवस समारोह के अंग के रूप में पंजाब नैशनल बैंक द्वारा 5 अप्रैल 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में पीएनबी सोल्जरथॉन दिल्ली 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतिभागियों की सुविधा के लिए अपनी तरह की इस पहली पहल में सुबह की विशेष मेट्रो सेवा तड़के 3 बजे से हर 30 मिनट के अंतराल पर, येलो, ब्लू और वॉयलेट लाइनों की नियमित समय सारिणी शुरू होने तक चलेंगी। इससे धावक और अन्य प्रतिभागी सुबह 5:00 बजे होने वाले फ्लैग-ऑफ से पहले आसानी से कार्यक्रम स्थल तक पहुँच सकेंगे। इसके अतिरिक्त, अपनी बिब पहनने वाले प्रतिभागी एक बार आने-जाने के लिए मुफ्त यात्रा के पात्र होंगे।

पीएनबी सोल्जरथॉन के इस दूसरे संस्करण की थीम “पीएनबी सोल्जरथॉन 2026-रन विद सोल्जर्स, रन फॉर सोल्जर्स” है। जो भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, बलिदान और अटूट प्रतिबद्धता के प्रति एक श्रद्धांजलि है। इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों, फिटनेस प्रेमियों और रक्षा समुदाय के सदस्यों को कृतज्ञता और एकजुटता की सामूहिक भावना के साथ एक मंच पर लाना है।

इस मैराथन में 21.1 किमी (हाफ मैराथन), 10 किमी और 5 किमी रन सहित कई दौड़ श्रेणियाँ शामिल होंगी, जो सभी आयु समूहों और फिटनेस स्तरों के लोगों को भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करेंगी, साथ ही एकता, जुझारूपन और राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

इस पहल के बारे में बात करते हुए दीपक कुमार (महाप्रबंधक, पीआर एवं सीसीडी, पीएनबी) ने कहा, “पीएनबी सोल्जरथॉन 2026 केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि यह एक आंदोलन है, जो राष्ट्र निर्माण और सामुदायिक जुड़ाव के प्रति बैंक की स्थायी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। सशस्त्र बलों के कर्मियों की उपस्थिति इस आयोजन के महत्व को और बढ़ाएगी। जिससे यह उन लोगों को सम्मानित करने का एक सार्थक मंच बन जाएगा जो निस्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा करते हैं।”