बॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ के सीक्वल को लेकर चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। फिल्म के निर्देशक करण जौहर ने साफ कर दिया है कि फिलहाल ‘कभी खुशी कभी गम 2’ बनाने की कोई योजना नहीं है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इस दिशा में न तो कोई प्लानिंग चल रही है और न ही कोई डेवलपमेंट हो रहा है।करण जौहर ने यह भी स्पष्ट किया कि यह फिल्म दर्शकों के लिए बेहद खास है और इसकी विरासत को दोबारा छेड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है। उनके मुताबिक, कुछ फिल्मों की यादें और प्रभाव इतने मजबूत होते हैं कि उन्हें वहीं रहने देना बेहतर होता है, बजाय इसके कि उनका सीक्वल बनाकर उस जादू को कमजोर किया जाए।दरअसल, पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर ‘कभी खुशी कभी गम 2’ को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही थीं। कई रिपोर्ट्स में फिल्म के संभावित सीक्वल को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, जिससे इन अफवाहों ने जोर पकड़ लिया। हालांकि, फिल्म से जुड़ी टीम की ओर से कभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।साल 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, काजोल, करीना कपूर और ऋतिक रोशन मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। यह फिल्म आज भी भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय फैमिली ड्रामा फिल्मों में गिनी जाती है, जिसने पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं को भव्य अंदाज में पेश कर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal