Thursday , September 18 2025

RSS के वरिष्ठ प्रचारक मधुभाई कुलकर्णी का पूरा जीवन मधुमय था

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक मधुभाई कुलकर्णी का आज दोपहर डॉ. हेडगेवार अस्पताल, संभाजीनगर में निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। उन्होंने देहदान का संकल्प लिया था। उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार उनका पार्थिव शरीर रामचंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, आर. के. दमाणी मेडिकल कॉलेज ले जाया जाएगा।

मधुभाई कुलकर्णी गुजरात में प्रान्त प्रचारक थे। इसके बाद क्षेत्र प्रचारक और फिर अखिल भारतीय बौध्दिक प्रमुख रहे। अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य बनने के बाद उनका केन्द्र लखनऊ रहा। इस दौरान कई स्थानों पर उनका कार्यक्रम कराने का मुझे भी सुअवसर मिला।

मधुभाई का जन्म 17-5-1938 को कोल्हापुर में हुआ। स्कूल की शिक्षा चिकोड़ी में हुई। चिकोड़ी मेंही उन्होंने संघ शाखा जाना प्रारंभ किया। स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रोत्तर कालखंडों के वे साक्षी रहे हैं। गांधी हत्याकांड के बाद की आपातकालीन स्थिति उन्होंने स्वयं अनुभव की। इस दौरान उनका कोड़ोली का घर जला दिया गया। संघ स्वयंसेवकों पर भयंकर आपत्ती आई। उन सभी संकटों में भी अपनी मैट्रिक की शिक्षा 1954 में विद्यापीठ हाईस्कूल, कोल्हापुर से पूर्ण की। रूपारेल महाविद्यालय, मुंबई से 1954-1958 में बी.ए. किया। कुछ समय मुंबई सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट में नौकरी में कार्यरत रहे। दयानंद शैक्षणिक महाविद्यालय, सोलापुर से 1960-1961 में बी.एड. किया।

मधुभाई की संघात्मक कार्ययात्रा

1962–1963 : तालुका प्रचारक – जळगांव जिला रावेर-यावल

1963–1970 : जिला प्रचारक – छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद)

1970–1980 : विभाग प्रचारक – सोलापुर विभाग

1980–1984 : महानगर प्रचारक – पुणे

1984–1996 : प्रांत प्रचारक – गुजरात

1996–2003 : क्षेत्र प्रचारक – पश्चिम क्षेत्र

2003–2009 : अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख – भाग्यनगर (हैदराबाद)

2009–2015 : पालक, उत्तर प्रदेश लखनऊ