Monday , August 25 2025

अदीरा वेलफेयर क्लब : नौ दुर्गा के रूप में बनेगी मातृशक्तियों की नौ टीम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। समाज में महिलाओं की भूमिका सिर्फ परिवार और नौकरी तक सीमित नहीं है। वे सामाजिक बदलाव की भी वाहक हैं। जब कोई महिला खुद आत्मनिर्भर बनती है, तो वह दूसरों को भी प्रेरित करती है। समाज में महिलाओं की स्थिति और उनके अधिकारों को लेकर समय-समय पर बदलाव होते रहे हैं। एक जागरूक समाज ही महिलाओं को आगे बढ़ने का सही अवसर दे सकता है, जिससे वे अपने और समाज के विकास में योगदान दे सकें।

सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रही महिलाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से अदीरा वेलफेयर क्लब द्वारा रविवार को होटल कसाया इन में सामाजिक किटी कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें महिलाओं के सशक्तिकरण पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रिकी ग्रांड मास्टर वास्तु एक्सपर्ट सोहानी पाण्डेय, अदीरा वेलफेयर क्लब की संस्थापिका व सीईओ रितिका चौधरी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। 

अदीरा वेलफेयर क्लब की संस्थापिका व सीईओ रितिका चौधरी ने कहा कि अदीरा का अर्थ है शक्तिशाली और महान। बिना रुके तमाम अड़चनों को पार करके भी जो महिलाएं अपने उ‌द्देश्य को लेकर आगे बढ़ रहीं है, निसंदेह वह शक्तिशाली है। 

उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्यों के नौ क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। जिसमें चाइल्ड एजुकेशन, एनिमल वेलफेयर, महिला सशक्तिकरण, ओल्ड ऐज होम, सैनिटेशन, संस्कृति, पर्यावरण, ह्यूमन ट्रैफिकिंग, पर्यावरण, महिला स्वास्थ्य शामिल है। अदीरा वेलफेयर किटी में भी नौ दुर्गा के रूप में नौ वर्टीकल बनाये गए हैं, ताकि सभी के काम को एक नयी उड़ान और पहचान मिल सके। मातृशक्ति की 9 टीमें बनाई जाएंगी, जो अलग अलग सामाजिक क्षेत्रों में कार्य करेंगी। 

मुख्य अतिथि रिकी ग्रांड मास्टर वास्तु एक्सपर्ट सोहानी पाण्डेय ने कहा कि अध्यात्म हमें जीवन जीना सिखाता है। अध्यात्म की सबसे बड़ी पावर है संयम और जिंदगी में संयम और मन की शांति जरूरी है। अक्सर हम जिंदगी में ऐसे कार्य करते हैं जिससे शांति भंग हो जबकि उसको इगनोर कर सकते हैं। आप ऐसी रोशनी बनिए जो दूसरों की जिंदगी को भी रौशन कर सके। 

उन्होंने कहा कि अध्यात्म मानव जीवन के अर्थ, उद्देश्य और परम सत्य की खोज से जुड़ा है। अध्यात्म का उद्देश्य व्यक्ति को अपने अस्तित्व के उद्देश्य को समझने और अपने जीवन को सार्थक बनाने में मदद करना है। उन्होंने अपने जीवन में बचपन से अभी तक घटित कई घटनाओं और अनुभवों को भी साझा किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने अदीरा वेलफेयर क्लब के इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की नींव होती हैं, जो परिवार से लेकर कार्यस्थल और सामाजिक बदलाव तक हर स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समाज में उनकी भूमिका को समझना और उसे सशक्त बनाना जरूरी है, क्योंकि एक मजबूत और प्रगतिशील समाज के निर्माण में महिलाओं का योगदान है।

कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा बालियान ने किया। इस मौके पर अपराजिता नेशनल वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष डा. सीमा सरकार, चैतन्य वेलफेयर की अध्यक्ष ओम सिंह, आशा वेलफेयर फाउंडेशन से सोनी वर्मा सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों में अहम भूमिका निभा रही महिलाएं मौजूद रही।