Sunday , April 13 2025

कठौता और भरवारा झीलों की सिल्ट सफाई का कार्य शुरू, सुपर सकर मशीन को दिखाई हरी झंडी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमतीनगर स्थित कठौता और भरवारा झीलों में शनिवार को सिल्ट सफाई कार्य का हवन-पूजन के साथ महापौर सुषमा खर्कवाल ने शुभारंभ किया। यह अभियान न केवल जल संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, बल्कि शहरवासियों को गर्मियों में होने वाली जल संकट की समस्या से राहत देने की दिशा में भी एक बड़ी पहल है।

इस कार्यक्रम में पार्षद दल के उप नेता सुशील तिवारी, पार्षद शैलेंद्र वर्मा, अरुण राय, संजय सिंह राठौर, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, महाप्रबंधक जलकल कुलदीप सिंह, जोनल अधिकारी संजय यादव, चीफ इंजीनियर जल निगम शमीम अख़्तर, अधिशाषी अभियंता जलकल जोन-4 विकास शर्मा सहित जलकल व नगर निगम के सभी अधिकारी व कर्मचारियों की उपस्थिति रही। मंच का संचालन अधिशासी अभियंता जलकल सचिन यादव ने किया।

झीलों की सफाई से बढ़ेगी जल संचयन क्षमता

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि कठौता झील की लंबाई लगभग 1200 मीटर और चौड़ाई 600 मीटर है। कठौता झील की गहराई बढ़ाने के लिए लगभग 5 लाख क्यूबिक मीटर मिट्टी हटाई जाएगी, जिससे झील की वॉटर स्टोरेज कैपेसिटी तीन गुना तक बढ़ जाएगी। इससे गोमती नगर और इंदिरा नगर के हजारों निवासियों को गर्मियों में जल आपूर्ति में राहत मिलेगी।

झील के गहरे हिस्सों की सफाई के लिए विशेष ड्रेजिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। 15 पोकलैंड मशीनों और डंपर्स की मदद से मिट्टी निकाली जा रही है। महापौर ने सुपर सकर मशीन को भी हरी झंडी दिखाई। झील से निकाली गई मिट्टी को फेंकने की बजाय अकबरनगर और मनोरथा गौशाला समेत नगर निगम और एलडीए के अन्य निर्माण कार्यों में उपयोग किया जाएगा। यह कदम संसाधनों के सतत उपयोग की मिसाल बनेगा।

महापौर ने बताया कि 17-18 मई को शारदा नहर की सफाई के लिए बंदी के पहले, झीलों में भरपूर पानी स्टोर कर लिया जाएगा। इसके लिए 25 अप्रैल से झील भरने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह कार्य पूरी तरह समयबद्ध है और विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

सुएज इंडिया के परियोजना निदेशक राजेश मठपाल ने बताया कि यह पहल ‘स्वच्छ लखनऊ, सुंदर लखनऊ’ अभियान के अंतर्गत की गई है। उन्होंने कहा कि सुएज इंडिया लखनऊ में सीवर सफाई को लेकर प्रतिबद्ध है और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से इस व्यवस्था को और बेहतर बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।