लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आशियाना में चल रहे भारत हस्तशिल्प महोत्सव तीसरा दिन सोमवार भगवान राम को समर्पित रहा। प्राण प्रतिष्ठा के समय प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के सभी स्टाफ मेंबर लाइव टेलीकास्ट देखते हुए भाव विभोर हुए। महोत्सव में अपना स्टॉल लगाने आए अर्जुन भाई ने अपने स्टॉल का उद्घाटन संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के करकमलों द्वारा कराया। इस अवसर पर अर्जुन भाई ने महोत्सव में विशाल भंडारे का आयोजन किया। उपाध्यक्ष एनबी सिंह के साथ इस अवसर पर सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।


भारत हस्तशिल्प महोत्सव की संध्या बेला में भव्य दीपोत्सव और भगवान राम, लक्ष्मण और सीता की आरती हुई। जिसके पश्चात लोक सांस्कृतिक शोध संस्थान एवं संगीत भवन के कलाकारों ने सम्पूर्ण रामकथा को नृत्य नाटिका के माध्यम से प्रदर्शित किया। सभी मिल मंगल गावो रे अवध में राम आये हैं… संग अलग अलग दृश्यों में रामकथा के प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुति हुई। साथ ही पुणे से आई भवतारिणी सुन्दरम द्वारा रचित मेढक और राम से जुड़ी लोककथा के मनोहारी भाव भी नृत्य नाटिका के माध्यम से मंच पर उतरे। जिसमें निवेदिता, सौम्या, शिल्पी, सुमन, नेहा, किंजल, अथर्व श्रीवास्तव और नव्या दवे ने प्रतिभाग किया।
इसी कड़ी में डॉक्टर लालजी मौर्य (लोक गायक) के नेतृत्व में भगवान राम पर भोजपुरी कला की सुंदरता को बिखेरते हुए ‘आरती होला कपूर्वा हो’, ‘राम जी के भईल भजनवा हो’, ‘बधाइयां बजे अयोध्या हो’ जैसी प्रस्तुति से माहौल राममय हो गया।