Saturday , July 27 2024

वरिष्ठ पत्रकार भारत सिंह को पितृशोक, सीएम योगी, विधानसभा अध्यक्ष सहित नेताओं ने जताया दुःख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत अन्य नेताओं ने गहरा दुःख जताया

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आउटलुक में राज्य संवाददाता का दायित्व निर्वहन कर रहे वरिष्ठ पत्रकार भारत सिंह के पिता तुंगनाथ सिंह का मंगलवार को निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। दोनों किडनी फेल हो जाने के कारण वह बीते कुछ महीनों से डायलिसिस पर चल रहे थे। मंगलवार सुबह 10.15 बजे उनकी सांस तेज चलने लगी। उन्हें तत्काल गोमतीनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उन्होंने अंतिम सांस ली।

स्वर्गीय तुंगनाथ सिंह राजधानी के महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में वरिष्ठ खेल शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त थे। मूल रूप से गांव पूरा दरबार जिला अंबेडकर नगर के रहने वाले स्वर्गीय तुंगनाथ सिंह लखनऊ में मड़ियांव इलाके के इंद्रपुरी कॉलोनी में निज निवास में परिवार सहित रहते थे। वह अपने दो पुत्र भारत सिंह और भास्कर सिंह सहित भरा-पूरा परिवार छोड़कर गए हैं। शाम 4 बजे उन्हें अंतिम विदाई देने बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, नेता, स्वर्गीय तुंगनाथ सिंह के सहयोगी व स्टूडेंट्स बैकुंठ धाम पहुंचे। भारत सिंह ने दिवंगत पिता को मुखाग्नि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत सिंह के पिता तुंगनाथ सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को सद्गति और शोकाकुल परिवारजनों को इस असीम दुख को सहने का साहस प्रदान करने की प्रार्थना की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने वरिष्ठ पत्रकार भारत सिंह के पिता तुंगनाथ सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है।