Saturday , July 27 2024

दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति हमारे भारत में मौजूद है : अनुराग ठाकुर

वाराणसी (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर शुक्रवार को जी-20 की श्रृंखला में आयोजित Y20 समिट कार्यक्रम में हिस्सा लेकर देश व दुनिया भर से आए युवाओं का हौसला आफजाई की। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए उन्हें डायनामिक मुख्यमंत्री बताया और प्रधानमंत्री द्वारा पिछले 9 वर्षों में किये गये कार्यों का जिक्र करते हुए अमृत काल की बात कही गयी। उन्होंने कार्यक्रम में लिये गये पांचों एजेंडा पर भी बात रखते हुए सभी का ध्यान खींचा। नेशनल सोलर मिशन, नेशनल हैबिटेट मिशन, हरित ऊर्जा के संबंध में भी विस्तार से बात रखी। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति हमारे भारत में मौजूद है। उन्होंने अंत में युवाओं को झकझोरते हुए स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध कोट “एक विचार लो। उसे अपना जीवन बना लो। उसके बारे में सोचो उसके सपने देखो, उस विचार को जीओ। अपने मस्तिष्क, मांसपेशियों, नसों, शरीर के हर हिस्से को उस विचार में डूबो दो और बाकी सभी विचारों को किनारे रख दो। यही सफल होने का तरीका है।” उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किए गए प्रयासों के प्रति प्रसन्नता जताते हुए आभार जताया। 

युवा मामलों की सचिव मीता राजीवलोचन तथा वाई-20 चेयर के अनमोल सोवित ने भी युवाओं से जुड़े इस सम्मेलन के संबंध में अपनी बात रखी। अंत में धन्यवाद ज्ञापन वाई-20 के पंकज सिंह द्वारा दिया गया। गौरतलब है कि जी-20 के सदस्य देशों, अतिथि देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के लगभग 125 प्रतिनिधि वाई-20 द्वारा चिन्हित किए गए पांच विषयों, कार्य का भविष्य: उद्योग 4.0, नवाचार और 21वीं सदी के कौशल, शांति निर्माण और सुलह: युद्ध रहित युग का आरंभ, जलवायु परिवर्तन और आपदा जोखिम न्यूनीकरण: स्थिरता को जीवन शैली बनाना, साझा भविष्य: लोकतंत्र और शासन में युवा, स्वास्थ्य, कल्याण और खेल: युवाओं के लिए एजेंडा पर विचार मंथन करेंगे। यह सम्मेलन युवाओं को नए अवसरों के बारे में जानकारी देने के लिए वर्तमान विषयों पर एक वैश्विक परिपेक्ष्य प्रदान करेगा। साथ ही आत्मविश्वास और आत्म सम्मान का निर्माण भी करेगा। वहीं यह भारतीय नीति निर्माताओं के साथ बातचीत करने और उनका सुझाव देने का अवसर भी देगा। इसके साथ युवाओं को स्थानीय समस्याओं के बारे में रचनात्मक रूप से सोचने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा। कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, श्रम मामलों के मंत्री अनिल राजभर, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, स्टाम्प मंत्री रविंद्र जायसवाल तथा खेल राज्य मंत्री गिरीश यादव, कमिश्नर कौशल राज शर्मा, पुलिस कमिश्नर अशोक मुथा जैन, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम भी मौजूद रहे।