लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय शाखा में खुले
बैंक ऑफ बड़ौदा, लखनऊ महानगर क्षेत्र, लखनऊ अंचल की 60वीं शाखा का उद्घाटन सोमवार को डीजीपी विजय कुमार व बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक अजय कुमार खुराना के कर कमलों द्वारा लखनऊ अंचल प्रमुख राजेश कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
बैंक ऑफ बड़ौदा और उत्तर प्रदेश पुलिस के मध्य एक सहमतिपत्र के द्वारा पुलिसकर्मियों के वेतन खाते व सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के पेंशन खाते खोलने के लिए विशेष रूप से बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा तैयार किये गए बड़ौदा पुलिस सैलरी पैकेज हेतु सहमति हुई थी। बड़ौदा पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत सेवारत पुलिसकर्मियों के लिए रू 20 लाख तक के निःशुल्क जीवनबीमा कवर, 105 लाख तक के व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर के साथ ही प्लास्टिक सर्जरी, पूर्ण एवं आंशिक विकलांगता, पुत्री के विवाह, संतान की उच्च शिक्षा और मृत शरीर के परिवहन हेतु कवर के साथ अन्य अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के लिए 70 वर्ष की उम्र तक रू 60 लाख तक के व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर के साथ बच्चों की उच्च शिक्षा, पुत्री के विवाह, पूर्ण या आंशिक विकलांगता, एम्बुलेंस एवं आयातित दवाई कवर उपलब्ध है। बड़ौदा पुलिस सैलरी पैकेज का लाभ पुलिसकर्मी का पहला वेतन बैंक ऑफ बड़ौदा में आने के साथ ही प्रारंभ हो जाएगा।
इस अवसर पर बोलते हुए पुलिस महानिदेशक ने कहाकि विषम परिस्थितियों में कार्य कर रहे पुलिस कर्मियों के लिए बड़ौदा पुलिस सैलरी पैकेज अत्यंत उपयोगी है। बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक अजय कुमार खुराना ने कहाकि बैंक ऑफ बड़ौदा देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक है और वह व्यवसाय के साथ ही देश की मानवीय सम्पदा के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कार्य करता है। पुलिसकर्मी देश और समाज के निर्माण में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं।

इस अवसर पर दुर्घटना में असामयिक मृत्यु को प्राप्त हुए एक पुलिसकर्मी के शोकसंतप्त परिवारजनों को बड़ौदा पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत उनकी पात्रता के आधार पर बीमा का रू 75 लाख का चेक भी दिया। जिसकी पुलिस महानिदेशक ने भी भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर बैंक की उपमहाप्रबंधक रचना मिश्रा, क्षेत्रीय प्रमुख लखनऊ महानगर क्षेत्र समीर कुमार ओझा, उपक्षेत्रीय प्रमुख लखनऊ महानगर क्षेत्र, मुख्य प्रबंधक उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय शाखा अभिनव सिंह सहित बड़ी संख्या में बैंक ऑफ बड़ौदा व पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।