Saturday , July 27 2024

सांस्कृतिक कार्यक्रमों संग 14 दिवसीय स्टेट हैंडलूम एक्सपो-2023 का भव्य आगाज

लखनऊ। संत रविदास मप्र हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम मर्या0 ग्वालियर के द्वारा स्टेट हैण्डलूम एक्सपो-2023 का आयोजन विकास आयुक्त (हथकरघा) वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। कथा मैदान आशियाना में एक से 14 मार्च तक चलने वाले इस एक्सपो का उद्रघाटन गुरुवार को आईएएस अनीता भटनागर ने फीता काटकर व प्रथम पूज्य श्रीगणेश का पूजन कर किया। उन्होंने विभिन्न स्टालों का अवलोकन करने के साथ ही खरीदारी भी की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बुनकरों व हस्तशिल्पियों के उत्पादों को बढ़ावा मिलता है। 

इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज नन्हे मुन्ने बच्चों ने श्रीगणेश वंदना एक दंताय वक्र तुण्डाय… पर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से किया। नृत्यांगना इप्शिता अरोड़ा ने “श्याम रोको न डगर…”, “बैरी पिया…” पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि अनीता भटनागर ने बच्चों के प्रस्तुति की सराहना की और माला पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

एक्सपो के प्रभारी एमएल शर्मा ने बताया कि एक्सपो में मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा सहित 8 राज्यों के बुनकरों की भागीदारी होगी। 14 दिवसीय स्टेट हैण्डलूम एक्सपो में अधिकांश दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। साथ ही बुनकरों की कार्यशाला, चौपाल के आयोजन में विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। स्टेट हैण्डलूम एक्सपो प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुला रहेगा।

उन्होंने बताया कि अनुभा श्रीवास्तव (आयुक्त सह प्रबंध संचालक, म.प्र. हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम) का प्रयास है कि लखनऊ की ऐतिहासिक नगरी में उत्तर प्रदेश के साथ भारत के विभिन्न राज्यों के बुनकरों की हथकरघा कला की प्रदर्शनी सह विपणन हो। जिससे बुनकरों को आर्थिक रोजगार प्राप्त हो सके एवं लखनऊ वासियों को भारत के विभिन्न राज्यों की हथकरघा सामग्री स्टेट हैण्डलूम एक्सपो-2023 भारत के विभिन्न राज्यों के बुनकरों के माध्यम से प्राप्त हो सके। इस अवसर पर जयप्रकाश आर्य (बुनकर सेवा केन्द्र, बनारस), टीएल जंघेला (उपसंचालक वित्त, हथकरघा, म.प्र.), लईक रिजवी, सुरेन्द्र वर्मा, रज्यू मैथ्यू सहित बुनकर साथियों के सदस्य उपस्थित थे।