लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रविवार की छुट्टी, खुशनुमा माहौल और मनोरंजन के तमाम रंग… वृंदावन सेक्टर-15 स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड पर चल रहे भारत हस्तशिल्प महोत्सव-2026 में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट एवं प्रगति इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में रविवार को सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।खरीदारी से लेकर खानपान, झूलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक हर तरफ उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल नजर आया।
महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प एवं घरेलू उपयोग के उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां क्रॉकरी, कालीन, फर्नीचर, ऊनी कपड़े, शॉल, कंबल, जैकेट और बच्चों के आकर्षक परिधानों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है। खास बात यह है कि इन उत्पादों की कीमतें भी आम लोगों के बजट को ध्यान में रखकर रखी गई हैं। वहीं, विभिन्न प्रकार के झूलों पर बच्चों और युवाओं की लंबी कतारें दिखाई दीं। खानपान के स्टॉल पर भी लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया।

महोत्सव में आने वाले लोगों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष एनबी सिंह लगातार नजर बनाए हुए हैं। आयोजकों की ओर से सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं और पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। इसके साथ ही साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर किया मजबूर
महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर लखनऊ और आसपास के जिलों की प्रतिभाओं ने नृत्य एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसी क्रम में आरोही और सुभाषिनी डांस अकादमी के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में अंकित सिंह, शैली कुशवाहा, लक्ष्मी श्रीवास्तव और पार्थ श्रीवास्तव ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
इसके अलावा ग्रुप डांस ‘नाच बिंदरी डीजे पर’, पूजा का सोलो डांस ‘सांवरिया’, ग्रुप डांस ‘माहिया’ और कार्तिक के सोलो डांस ‘मूड है भयंकर’ ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन पर सांस्कृतिक मंच की अध्यक्ष प्रिया पाल ने सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मंच का संचालन अथर्व और रॉकी ने किया। महोत्सव में खरीदारी, मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों का यह संगम लोगों के लिए रविवार को यादगार बन गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal