Thursday , November 26 2026

विजयंत खंड में हाईटेंशन केबल बनी मुसीबत, सीवर सफाई प्रभावित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सुएज इंडिया के मुताबिक गोमती नगर के विजयंत खंड क्षेत्र में मैनहोल के ऊपर से गुजर रही लेसा की 11 हजार केवी की बिजली केबल सीवर सफाई के काम में अवरोध उत्पन्न कर रही है। इसके चलते सफाई मशीन को मैनहोल तक पहुंचाकर प्रभावी ढंग से सफाई करना संभव नहीं हो पा रहा है। केबल के कारण कार्यस्थल पर कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता बनी हुई है।

दरअसल, सीवर लाइनों की नियमित सफाई और उनमें जमा सिल्ट निकालने के लिए आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन विजयंत खंड में मैनहोल के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की बिजली केबल के कारण मशीन को निर्धारित स्थिति में लगाना मुश्किल हो रहा है। इससे मैनहोल की पूरी क्षमता के साथ सफाई नहीं हो पा रही है। ऐसी स्थिति में सीवर लाइन में जमा सिल्ट और अन्य अवरोधों को पूरी तरह हटाने में परेशानी आ रही है, जिसका असर सीवर नेटवर्क के सुचारु संचालन पर पड़ रहा है।

सुएज इंडिया का कहना है, इस समस्या का एक गंभीर पहलू कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ा है। 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली केबल के आसपास मशीनों और अन्य उपकरणों के साथ काम करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। किसी भी प्रकार की तकनीकी चूक, केबल को नुकसान या बिजली के संपर्क में आने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में सीवर सफाई के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। कार्यस्थल पर बिजली केबल की स्थिति का तकनीकी निरीक्षण और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए बिना काम कराना उचित नहीं होगा।