लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दीपावली के अवसर पर एंजेल कार्मेल इंटर कॉलेज में शुक्रवार को मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. किरण श्रीवास्तव के सानिध्य में आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


मेहंदी प्रतियोगिता में कक्षा 12 की दिव्यांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्राओं ने बाजी मारी। छात्राओं ने आकर्षक रंगों और सुंदर डिजाइनों के माध्यम से दीपावली के उल्लास एवं पारंपरिक संस्कृति को रंगोली में उकेरा। वहीं, विद्यालय के प्राइमरी एवं जूनियर वर्ग के बच्चों ने भी क्राफ्ट गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने विभिन्न सजावटी वस्तुओं का निर्माण कर अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का परिचय दिया।


इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. किरण श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें कला, संस्कृति और परंपराओं के प्रति रुचि विकसित करती हैं। प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यालय परिसर दीपावली के रंगों और उत्साह से सराबोर नजर आया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal