Friday , November 6 2026

विज्ञान फाउंडेशन : 10 किशोरियों को मिली आत्मनिर्भरता की सौगात

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शहरी वंचित समुदायों के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रयासरत गैर-सरकारी संस्था ‘विज्ञान फाउंडेशन’ द्वारा विकास भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से संचालित ‘गिविंग विंग्स टू ड्रीमर्स’ परियोजना के अंतर्गत कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं 10 हुनरमंद युवा लड़कियों को स्वरोजगार व स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने हेतु सिलाई मशीनें वितरित की गईं। मुख्य अतिथि जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर शरण पांडेय ने किशोरियों को सिलाई मशीनें सौंपी।

 

इस अवसर पर उन्होंने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब एक किशोरी आत्मनिर्भर बनती है, तो वह पूरे परिवार और समाज को सशक्त बनाती है। उन्होंने सभी लाभार्थी किशोरियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल उद्यमी बनने की शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने किशोरियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने इस हुनर को एक सफल व्यवसाय के रूप में विकसित करें। साथ ही उन्होंने किशोरियों को उनके विभाग से जुड़े हर तरह के लाभ व स्कीम की भी जानकारी दी, जिससे कि ज़रूरत पड़ने पर किशोरियाँ उसका लाभ ले सकें। 

विज्ञान फाउंडेशन के प्रतिनिधि रामायण यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि किशोरियों को संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने योग्य बनाना है ताकि वे आर्थिक रूप से सक्षम बनकर अपने सपनों को पूरा कर सकें।

‘गिविंग विंग्स टू ड्रीमर्स’ परियोजना के अंतर्गत लखनऊ की विभिन्न बस्तियों में किशोरियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, जीवन कौशल और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है। सिलाई मशीन प्राप्त करने के बाद शिवानी, शशी सहित अन्य किशोरियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास देखने को मिला। लाभार्थियों ने कहा कि इस सहयोग से वे अपने घर से ही टेलरिंग व बुटीक का कार्य प्रारंभ कर अपनी आजीविका अर्जित कर सकेंगी। कार्यक्रम में विज्ञान फाउंडेशन की प्रोजेक्ट टीम व  किशोरियों के अभिभावक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।