लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दीपावली के पावन पर्व पर खुशियां साझा करने एवं रेल परिवार के सदस्यों के प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता ने विभिन्न स्थानों पर कार्यरत कर्मचारियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं तथा उन्हें उपहार भेंट कर पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सर्वप्रथम अध्यक्षा श्रुति गुप्ता ने मण्डल कार्यालय स्थित क्रेच का भ्रमण किया तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों को दीपावली के उपहार प्रदान किए। उन्होंने क्रेच कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की देखभाल एवं उनके लिए सुरक्षित, स्नेहपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार की सेवाएं रेलकर्मियों के परिवारों को सहयोग एवं संबल प्रदान करती हैं।

इसके उपरांत अध्यक्षा ने संगठन की उपाध्यक्षा मानसी सिंह, सचिव स्मृति सचान एवं महिला कल्याण संगठन की अन्य सदस्यों के साथ लखनऊ सिटी स्टेशन का भ्रमण किया। उल्लेखनीय है कि इस स्टेशन का संचालन पूर्णतः महिला कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर संगठन की अध्यक्षा एवं सदस्यों ने स्टेशन पर कार्यरत महिला रेलकर्मियों से संवाद किया तथा उन्हें दीपावली के उपहार भेंटकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्षा श्रुति गुप्ता ने महिला रेलकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे जैसे महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण कार्यक्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, कार्यकुशलता और समर्पण सराहनीय है। लखनऊ सिटी स्टेशन का पूर्णतः महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित होना महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता एवं कार्यक्षमता का प्रेरक उदाहरण है।
इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की सदस्यों ने महिला रेलकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दीपावली के इस विशेष आयोजन ने रेल परिवार के सदस्यों के बीच आत्मीयता, सौहार्द एवं अपनत्व की भावना को और प्रगाढ़ किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal