Friday , November 6 2026

स्वदेशी सामानों से मनेगी दीपावली, पूजित मूर्तियों का होगा ससम्मान विसर्जन : संदीप बंसल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्वदेशी व्यापारी मंच के राष्ट्रीय सहसंयोजक संदीप बंसल ने बताया कि इस बार व्यापारियों ने स्वदेशी मंगलमान दीपावली मनाने का निर्णय लिया है। संगठन की वर्चुअल आभासी बैठक में तय किया गया कि दीपावली पूर्ण रूप से स्वदेशी मनाई जाएगी। दिनचर्या का कोई भी सामान विदेशी इस्तेमाल नहीं करेंगे भारत देश के बने हुए सामानों का ही दीपावली में उपयोग किया जाएगा।।

संदीप बंसल ने कहा कि इस बार की दीपावली इसलिए भी विशेष है क्योंकि मंगलमान अभियान के अंतर्गत लखनऊ के साथ-साथ देशभर में पूजित मूर्तियों को ससम्मान विसर्जन करने का निर्णय भी लिया गया है। विशेष रूप से लखनऊ में इसके लिए केंद्र स्थापित किए गए हैं और इसका विशेष ऐप तैयार किया गया है। कोई भी लखनऊवासी इस ऐप पर जाकर सीधे अपने घर मोहल्ले बाजार के आसपास के मूर्ति एकत्रीकरण केंद्र तक पहुंच सकता है। ताकि मूर्तियों का ससम्मान एकत्रीकरण करके विसर्जन किया जा सके। 

मंगलमान अभियान के संयोजक डॉ. रामकुमार तिवारी ने बताया की कोई भी लखनऊवासी स्वयं इस अभियान से जुड़ सकता है अपने घर के आसपास या बाजार में पूजित मूर्ति एकत्रीकरण केंद्र स्थापित कर सकता है। जहां से नगर निगम द्वारा मूर्तियों को एकत्रित करके उनका ससम्मान विसर्जन कराया जाएगा। app.mangalman.in से जुड़कर लखनऊ के सभी क्षेत्र के मूर्ति एकत्रीकरण केंद्रों की जानकारी प्राप्त हो जाएगी।

संदीप बंसल ने आवाहन किया कि हम वर्ष भर जिन मूर्तियों का पूजन करके उनसे आशीर्वाद प्राप्त करते हैं उनको सड़कों पर या इधर-उधर मैदान में या नदियों में ना डालें उन मूर्तियों को ससम्मान एकत्रित करने का काम इस अभियान के अंतर्गत हो रहा है। इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल महानगर के अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, महामंत्री अनुज गौतम, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार नाग विशेष रूप से उपस्थित रहे।