लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। फिनएक्स इंस्टीट्यूट (पूर्व में बीएसई इंस्टीट्यूट) ने रतन स्क्वायर, विधान सभा मार्ग स्थित अपने नए एकेडमिक कैंपस का शुभारंभ किया। उद्घाटन एसबीआई म्यूचुअल फंड के प्रेसिडेंट एवं सीबीओ मनीष मेहता तथा छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. सुधांशु पांड्या ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर डॉ. सुधांशु पांड्या ने कहा कि लखनऊ में फिनएक्स इंस्टीट्यूट का नया कैंपस खुलना युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय और फिनएक्स इंस्टीट्यूट ने करीब एक वर्ष पहले मिलकर इस तरह की पहल की परिकल्पना की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है और रोजगार के नए अवसरों के लिहाज से बैंकिंग, वित्तीय सेवा एवं बीमा (बीएफएसआई) सेक्टर सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उभर रहा है। ऐसे में केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार व्यावहारिक प्रशिक्षण देना भी जरूरी है।
डॉ. पांड्या ने कहा कि फिनएक्स इंस्टीट्यूट के साथ सहयोग का उद्देश्य ऐसे दक्ष विद्यार्थी तैयार करना है, जिन्हें प्रशिक्षण के बाद कंपनियों में काम करने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। इसके लिए उद्योगों के अनुभवी प्रशिक्षक और वरिष्ठ प्रबंधक सीधे कक्षाओं में आकर विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इससे उन्हें वास्तविक कार्यक्षेत्र की चुनौतियों और आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलेगा।

कैंपस डायरेक्टर विराग जैन ने कहा, “फिनएक्स का उद्देश्य लखनऊ और आसपास के युवाओं को बैंकिंग एवं फाइनेंशियल सर्विसेज (BFSI) क्षेत्र की गुणवत्तापूर्ण, इंडस्ट्री-ओरिएंटेड शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। संस्थान उद्योगों एवं शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देगा। साथ ही, वंचित वर्गों के युवाओं को वित्तीय कौशल से जोड़ने और लखनऊ को BFSI टैलेंट हब बनाने की दिशा में भी काम करेगा।”
विराग जैन ने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत लखनऊ से की थी। अब वह अपने अनुभव का लाभ युवा पीढ़ी को देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान युवाओं को कैपिटल मार्केट, बैंकिंग, स्टॉक मार्केट, रिस्क मैनेजमेंट, डेटा एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में तीन, छह और 12 महीने के व्यावसायिक एवं सर्टिफिकेशन कोर्स उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने बताया कि संस्थान के 200 से अधिक कॉरपोरेट साझेदार हैं। विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर विद्यार्थियों को इंडस्ट्री ओरिएंटेशन, व्यावहारिक प्रशिक्षण और प्लेसमेंट में सहायता दी जाएगी। लक्ष्य लखनऊ को वित्तीय शिक्षा एवं कौशल विकास का प्रमुख केंद्र बनाना है।
इस अवसर पर फिनएक्स के सीईओ हिमांशु व्यपक ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को बैंकिंग, कैपिटल मार्केट और फिनटेक जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए अपने शहर में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, इंडस्ट्री एक्सपोजर और प्लेसमेंट सपोर्ट मिले।”
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और कैपिटल मार्केट में रोजगार के लिए तैयार करना है। इसके लिए इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिल सके। संस्थान कामकाजी पेशेवरों के लिए भी कैपिटल मार्केट, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग, वेल्थ मैनेजमेंट, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे आधुनिक कोर्स संचालित करेगा।

उन्होंने बताया कि छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के सहयोग से बीबीए कैपिटल मार्केट का पाठ्यक्रम शुरू किया गया है और इस वर्ष एमबीए फाइनेंशियल सर्विसेज की शुरुआत हुई है। लखनऊ में एनआईएसएम की मान्यता प्राप्त परीक्षा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
हिमांशु व्यपक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले एक से दो वर्षों में वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, कानपुर और मेरठ सहित अन्य शहरों में कम से कम पांच कैंपस खोलने की योजना है। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने और सीएफए, एसीसीए व एफआरएम जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन परीक्षाओं की तैयारी कराने की भी योजना है।
समारोह में कोटक बैंक के स्टेट हेड सुनील गुरनानी, आईसीआईसीआई बैंक के रीजनल हेड अभय शुक्ला, बंधन बैंक के स्टेट हेड अनुराग श्रीवास्तव, फ्रैंकलिन टेम्पलटन के स्टेट हेड गौरव नागर, एचडीएफसी लाइफ के वैभव त्रिपाठी तथा लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन के वाइस चेयरमैन प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
फिनएक्स के कार्यक्रमों में बैंकिंग, फाइनेंस, कैपिटल मार्केट, डेटा साइंस और फिनटेक से जुड़े डिग्री, डिप्लोमा एवं प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन कोर्स शामिल हैं। संस्थान 300 से अधिक इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के सहयोग से प्रतिवर्ष लगभग 10,000 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देता है और देशभर के 350 से अधिक कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी रखता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal