नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंजाब नैशनल बैंक ने 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक मनाए गए सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के समापन अवसर पर ‘साइक्लोथॉन 2026’ का भव्य आयोजन किया। इस वर्ष के केंद्रीय विषय “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” की भावना से प्रेरित यह आयोजन पीएनबी के द्वारका, नई दिल्ली स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और सामूहिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना था।
इस साइक्लोथॉन का विधिवत शुभारंभ प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक चंद्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी राघवेंद्र कुमार द्वारा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। संस्थागत पारदर्शिता, कार्यगत निष्ठा और जवाबदेही की संस्कृति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से, कार्यकारी निदेशक डी. सुरेंद्रन ने स्वयं साइकिल चलाकर बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों और उत्साहियों के दल की अगुवाई की और सत्यनिष्ठा का सशक्त संदेश दिया।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा, “पीएनबी में सतर्कता केवल नियमों और प्रक्रियाओं के अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्थागत कार्यसंस्कृति का एक अभिन्न अंग है जो हमारे दैनिक संचालन और निर्णयों को दिशा प्रदान करता है। यह साइक्लोथॉन हमारी कार्यगत सत्यनिष्ठा, शारीरिक सजगता और नैतिक मूल्यों की साझा यात्रा का प्रतीक है। आज एक साथ साइकिल चलाकर हम एक स्वच्छ, पारदर्शी और नैतिक रूप से सुदृढ़ संगठन के निर्माण के प्रति अपने संकल्प को दोहराते हैं, जो अडिग विश्वास के साथ राष्ट्र की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।”
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न जन-जागरूकता पहलों के माध्यम से, पंजाब नैशनल बैंक देश भर में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी और जन-सहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए सुदृढ़ शासन, पारदर्शिता और जन-जवाबदेही के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर मजबूत कर रहा है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal