Monday , October 26 2026

लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन ने बढ़ाए मदद के हाथ, बाढ़ प्रभावितों तक पहुंचेगी राहत

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंदों की सहायता के लिए भेजी जा रही राहत सामग्री से लदे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने का यह प्रयास मानवता, संवेदनशीलता और सेवा-भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। संकट की घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़े रहना ही सच्ची जनसेवा है। ऐसे सेवा कार्य समाज में सहयोग, करुणा और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के विभिन्न संगठनों एवं सेवा संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने के प्रयासों को गति मिलती है। लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन का यह प्रयास सराहनीय है और अन्य संस्थाओं को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि इस मानवीय पहल के माध्यम से संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुँचाकर उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर समाजसेविका बिंदु बोरा, भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा, लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर परमजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, नवीन झिंगरन, संदीप कुलश्रेष्ठ, प्रवीण कुमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।