लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) को ओडिशा के भुवनेश्वर में (23 से 25 अक्टूबर 2026 तक) आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (UMI) सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में बेस्ट स्टॉल का अवार्ड मिला है। यह सम्मान शहरी परिवहन, परिवहन के विभिन्न साधनों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए UPMRC द्वारा की गई पहलों को प्रभावी और जानकारीपूर्ण तरीके से प्रस्तुत करने के प्रयासों को दर्शाता है।

UPMRC के पवेलियन का एक प्रमुख आकर्षण मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन वॉल रही। जिसमें लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो की कनेक्टिविटी के साथ परिवहन के अन्य साधनों से जुड़ाव को दिखाया गया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से बताया गया कि मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और परिवहन की अन्य सुविधाओं के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी होने से यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग अधिक आसान और सुविधाजनक बनता है।
पवेलियन में UPMRC की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों और भविष्य में विस्तार की योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शक श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिलना, राष्ट्रीय स्तर के मंच पर शहरी परिवहन के क्षेत्र में UPMRC की पहलों और नवाचारों को प्रस्तुत करने के प्रयासों की पहचान है। इससे एकीकृत, टिकाऊ और यात्रियों की जरूरतों के अनुकूल परिवहन व्यवस्था के महत्व को भी प्रमुखता मिली है।

सम्मेलन के दौरान UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने “डेटा गवर्नेंस और इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट” विषय पर आयोजित सत्र में मुख्य वक्तव्य भी दिया। उन्होंने विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य को साकार करने में डेटा के आधार पर परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्मार्ट परिवहन नियोजन से यातायात जाम कम करने, कार्बन उत्सर्जन पर नियंत्रण रखने और यात्रा के अलग-अलग साधनों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कुशल और सभी के लिए सुलभ शहरी परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए साझा मानकों, अलग-अलग प्रणालियों के बीच तालमेल, डेटा सुरक्षा, यात्रियों की निजता और डेटा को जिम्मेदारी से साझा करने के महत्व पर भी जोर दिया।

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) द्वारा हर वर्ष आयोजित अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन एक ऐसा मंच है, जहाँ नीति बनाने वाले लोग, परिवहन विशेषज्ञ, मेट्रो रेल संगठन और अन्य संबंधित पक्ष अपने विचार साझा करते हैं। इस सम्मेलन में भारत में शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के लिए अपनाई जा रही अच्छी कार्यप्रणालियों और अनुभवों का भी आदान-प्रदान किया जाता है।
UMI 2026 में UPMRC को मिला यह सम्मान लखनऊ, कानपुर और आगरा में परिवहन के विभिन्न साधनों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने और सुरक्षित, कुशल एवं टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके माध्यम से विकसित भारत @ 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य में योगदान देने के प्रयासों को भी बल मिलता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal