Saturday , October 24 2026

मोहन सिंह बिष्ट स्मृति टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, टीमों ने दिखाया दमखम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तराखंड महापरिषद की ओर से स्वर्गीय मोहन सिंह बिष्ट की स्मृति में आयोजित टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को दस टीमों के बीच पांच मुकाबले खेले गए। टूर्नामेंट का शुभारंभ उत्तराखंड महापरिषद के संयोजक दीवान सिंह अधिकारी ने किया। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीमों को जीत दिलाने के लिए पूरा दमखम दिखाया।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला अल्मोड़ा अटैकर्स और मयूर उद्यान चैलेंजर्स के बीच खेला गया, जिसमें अल्मोड़ा अटैकर्स ने जीत दर्ज की। दूसरे मैच में नीलमाथा नाइट राइडर्स ने शिवानी बिहार की टीम को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। तीसरे मैच में देवभूमि लायंस एकादश ने योद्धा एकादश को पराजित किया, जबकि चौथे मुकाबले में वृंदावन क्रिकेट क्लब ने एलीट इलेवन को शिकस्त दी।

पांचवें मैच में उत्तराखंड यूनाइटेड और कुर्मांचल नगर सुपर किंग्स के बीच मुकाबला हुआ। उत्तराखंड यूनाइटेड के 138 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करते हुए कुर्मांचल नगर सुपर किंग्स लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा।

वहीं, टीम बाला गोरिया और जय बद्री विशाल के बीच खेला जा रहा मैत्री मैच खराब रोशनी के कारण रोकना पड़ा। यह मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। टूर्नामेंट के खेल प्रभारी कैलाश सिंह ने बताया कि रविवार को क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।