Wednesday , October 14 2026

भारतीय संस्कृति और परंपराओं के रंगों से सजेगी ‘गरबा रात्रि 2.0’

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक परिधानों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वूमेन लाइफ मैटर्स समिति की ओर से 17 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित मोती महल लॉन में ‘गरबा रात्रि 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में डांडिया नृत्य के साथ प्राचीन भारतीय युद्ध कला कलारीपयट्टू का प्रदर्शन और पारंपरिक भारतीय परिधानों पर आधारित फैशन शो आकर्षण का केंद्र होंगे। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति और संस्कारों को सहेजने के साथ युवाओं को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में गरबा संयोजक समिति की सदस्य वंदना बंसल, दीपा बंसल, प्रयागमती गुप्ता और प्रीती पांडेय ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी गरबा और डांडिया नृत्य के माध्यम से भारतीय त्योहारों की परंपराओं को जीवंत किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में होने वाला डांडिया नृत्य आयोजन को भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर करेगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के कलाकार विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही प्राचीन भारतीय युद्ध कला कलारीपयट्टू के प्रदर्शन के जरिए देश की पारंपरिक कलाओं और शौर्य परंपरा से परिचित कराया जाएगा। भारतीय परिधानों पर आधारित फैशन शो के माध्यम से देश की विविध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहनावे को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

फूहड़ता से दूर रहेगा आयोजन

आयोजकों ने बताया कि ‘गरबा रात्रि 2.0’ की खासियत इसका भारतीय संस्कृति और संस्कारों पर आधारित स्वरूप होगा। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की फूहड़ता को स्थान नहीं दिया जाएगा। पारंपरिक नृत्य, भारतीय परिधान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्सव को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया जाएगा। आयोजन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।

17 अक्टूबर को शाम सात बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को भारतीय त्योहारों की मूल भावना, सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं से जोड़ना है।

पत्रकार वार्ता में समिति के सचिव दुर्गेश मिश्रा, समिति सदस्य उदय भान सिंह, निर्देश दीक्षित, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की महामंत्री एकता अग्रवाल और लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।