लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नवयुग कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान, प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में तृतीय एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं एनएसएस के लक्ष्य गीत के गायन के साथ हुआ।
शिविर के प्रथम सत्र में प्रयाग आरोग्यं केंद्र के योगाचार्य प्रशांत शुक्ल ने स्वयंसेविकाओं को योग एवं विभिन्न आसनों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया। इसके उपरांत छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए रंग-बिरंगे सुंदर पेपर बैग (कागज के कैरी बैग) तैयार किए।

प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई जन-जागरूकता रैली के माध्यम से स्वयंसेविकाओं ने मलिन बस्ती में भ्रमण किया। छात्राओं ने स्थानीय नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार करने, कपड़े व कागज के थैलों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया और स्वयं बनाए हुए पेपर बैग वितरित किए।
द्वितीय सत्र में कॅरियर काउंसिल सेल एवं इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल (IIC) के सहयोग से ‘करियर प्रॉस्पेक्टस फॉर यूथ इन द एविएशन, हॉस्पिटालिटी, टूरिज्म, कस्टमर सर्विस एंड रिटेल इंडस्ट्री’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता ‘फ्लाई वे एयर होस्टेस एंड होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट’ के मुकेश शुक्ल ने छात्राओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों, आकर्षक वेतनमान, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा अपनी प्रतिभा के अनुरूप सही कॅरियर चुनने के व्यावहारिक सुझाव दिए।

इसी सत्र में साइबर अपराधों से बचाव हेतु एक विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। जिसमें नाका हिंडोला थाने के सत्येंद्र कुमार ने साइबर सुरक्षा की बारीकियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को साइबर फ्रॉड, साइबर स्टॉकिंग, डमी आईडी, मनी रिक्वेस्ट फ्रॉड एवं फर्जी संदेशों से सतर्क रहने के उपाय बताए। कार्यक्रम के अगले चरण में राष्ट्रीय सेवा योजना, नशा मुक्ति अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत” विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर समाज को व्यसन मुक्त बनाने का आह्वान किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कार्यशाला एवं व्याख्यान से मिली जानकारियों को जीवन में उतारने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और नशे के दुष्परिणामों से दूर रहने की सीख देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिविर का सफल संयोजन एवं संचालन कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. मनीषा बड़ौनियाँ, डॉ. चंदन मौर्या एवं दीक्षा द्वारा किया गया। इस अवसर पर थाना नाका हिंडोला साइबर सेल के प्रतिनिधि, महाविद्यालय के कॅरियर काउंसलिंग सेल व इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन सेल के सदस्य, नशा मुक्ति अभियान की नोडल अधिकारी प्रो. सीमा पांडे तथा सेवा संकल्प अभियान की संयोजक डॉ. सुनीता सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal