Wednesday , October 14 2026

फैजुल्लागंज बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे राजनाथ सिंह, दुर्गा पूजा में भी होंगे शामिल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह 15 अक्टूबर से तीन दिवसीय लखनऊ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह फैजुल्लागंज में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात करने, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद करने और निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने का भी कार्यक्रम है। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने रक्षामंत्री के प्रस्तावित दौरे की जानकारी दी।

आनन्द द्विवेदी ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता को लेकर संवेदनशील हैं। अपने लखनऊ प्रवास के पहले दिन 15 अक्टूबर को वह नई दिल्ली से प्रस्थान कर अपराह्न 3:35 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से फैजुल्लागंज के लिए रवाना होंगे। शाम चार बजे आईआईएम रोड स्थित अल्लूनगर डिगुरिया चौक पर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। इसके बाद वह विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात करेंगे और निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

शोक संतप्त परिवारों से भी करेंगे मुलाकात

प्रवास के दूसरे दिन 16 अक्टूबर को रक्षामंत्री कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शोक संतप्त परिवारों के घर पहुंचकर दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त करेंगे।

इसी दिन शाम छह बजे वह जानकीपुरम सेक्टर-ई स्थित राम-राम बैंक चौराहे पर आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में सहभागिता के बाद रक्षामंत्री कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास लौटेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

तीन दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन 17 अक्टूबर को राजनाथ सिंह अपने आवास पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद पूर्वाह्न 11:30 बजे कालिदास मार्ग स्थित आवास से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। रक्षामंत्री के इस दौरे को बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद और उनकी समस्याओं के बीच पहुंचकर राहत सहायता उपलब्ध कराने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।