लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैजुल्लागंज में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों का दौरा और सहायता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह, जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र शुक्ला और वरिष्ठ नेता पुष्कर शुक्ला ने दाउदनगर, मामा कॉलोनी और दुर्गापुरी सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को राशन, पेयजल, दवा किट और मैगी वितरित की। साथ ही राहत शिविरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह ने कहा कि रक्षामंत्री फैजुल्लागंज में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वह प्रतिदिन प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ले रहे हैं, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने में किसी तरह की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को राहत उपलब्ध कराने के प्रयासों को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है।

विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना सभी की प्राथमिकता है। संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री के वितरण के साथ प्रभावित परिवारों की समस्याओं को समझना और उनका समाधान कराना भी जरूरी है।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राशन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य जरूरी संसाधन पहुंचाने के लिए उनकी टीम और कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं। क्षेत्र में भ्रमण कर जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थिति सामान्य होने तक सेवा और राहत कार्य जारी रहेंगे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने राहत शिविरों में चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal