लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा की आराधना और सेवा भाव के साथ फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद का सिलसिला जारी रहा। क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा की टीम ने राहत अभियान के दसवें दिन रविवार को जलभराव से प्रभावित इलाकों में जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री, भोजन के पैकेट और पेयजल की बोतलें वितरित कीं। नवरात्रि में व्रत रखने वाले लोगों के लिए फलाहार की भी व्यवस्था की गई, ताकि आपदा की कठिन परिस्थितियों में उन्हें भोजन की समस्या का सामना न करना पड़े।
राहत टीम के सदस्यों ने माइक से अनाउंसमेंट कर जरूरतमंदों तक पहुंच बनाई और उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। जलभराव के कारण कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित होने के चलते टीम के सदस्य नाव और ट्रैक्टर के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। नवरात्रि के पावन अवसर पर राहत वितरण के साथ व्रतधारियों के लिए फलाहार की व्यवस्था भी की गई।


विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सेवा अभियान लगातार जारी रहेगा। टीम के सदस्य दिन-रात सेवाभाव से राशन और पेयजल वितरित कर रहे हैं, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार आवश्यक सामग्री से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना प्राथमिकता है और हर जरूरतमंद तक समय से सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुरनिया कार्यालय में बनी आगामी राहत कार्यों की रूपरेखा
राहत अभियान को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए रविवार को पुरनिया स्थित विधायक कार्यालय में बाढ़ राहत कार्यों में जुटी केसरिया टीम के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में आगामी सेवा कार्यों की योजना और रूपरेखा तैयार की गई, जिससे प्रभावित परिवारों की जरूरतों के अनुसार समयबद्ध तरीके से सहायता पहुंचाई जा सके।


रविवार को राहत वितरण टीम ने दुर्गापुरी, विष्णुविहार, शिवशक्ति नगर, कुंजबिहारी कॉलोनी, हनुमंतपुरम, पतंग मैदान के आसपास, चौबे डेयरी के निकट और एलडोरेडो स्कूल के पास जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। राहत अभियान में पार्षद रंजीत सिंह के साथ सुनील सिंह, सतीश वर्मा, लवकेश सिंह, शैलेन्द्र मौर्य, बबलू चौधरी, गौरव अवस्थी, विवेक लोधी, शीलू जायसवाल, शिवम श्रीवास्तव, आदित्य गौड़, श्रेया निगम, अनिल मिश्रा, मयंक मिश्रा, राघव सिंह, सूरज कश्यप, सचिन गुप्ता और लक्ष्मी प्रकाश दीक्षित सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal