Sunday , October 11 2026

जानकीपुरम वार्ड प्रथम में ₹2.40 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जानकीपुरम वार्ड प्रथम के जानकीविहार एवं सेक्टर-एफ क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में रविवार को नगर निगम की ओर से 2 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले सात महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़कें, जल निकासी के लिए नालियां, साइड पटरी और सुंदर पार्कों की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार के साथ ही आवागमन भी सुगम होगा।

शिलान्यास के तहत जानकीविहार मुख्य मार्ग पर सड़क, नाली एवं साइड पटरी का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा राम भुवन मिश्रा के आवास के सामने सड़क, नाली और साइड पटरी बनाई जाएगी। जानकीविहार पार्क में रंगाई-पुताई, पाथवे निर्माण और बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की जाएगी।

इसी क्रम में आयुष निगम के घर के सामने सड़क एवं नाली का निर्माण कराया जाएगा। सेक्टर-एफ में वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद यादव के घर के सामने स्थित पार्क का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। सेक्टर-एफ स्थित पुष्प वाटिका पार्क को भी नया स्वरूप दिया जाएगा। वहीं, सेक्टर-एफ के डी-2 की ओर स्थित अशोक वाटिका पार्क के चारों तरफ पेवर सड़क अथवा साइड पटरी के साथ नाली का निर्माण कराया जाएगा।

पार्षद निशा तिवारी ने बताया कि इन सातों परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ पार्कों को अधिक स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी बनाना है। सड़क एवं नाली निर्माण से जहां लोगों को आवागमन और जल निकासी में सुविधा मिलेगी, वहीं पार्कों के नवीनीकरण से स्थानीय निवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे।

इस अवसर पर क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी ने कहा कि वार्ड को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वार्ड बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विकास का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।