लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए सहायता अभियान लगातार जारी है। शनिवार को गणेश विहार, दुर्गापुरी सहित अन्य प्रभावित इलाकों में जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवारों को राशन सामग्री, भोजन के पैकेट और मेडिकल किट वितरित की।
इस दौरान केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद कर क्षेत्र के हालात और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए जल्द ही लखनऊ आकर क्षेत्र का दौरा करने की बात कही।
राहत वितरण अभियान में विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, रक्षामंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह, जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र शुक्ला और वरिष्ठ नेता पुष्कर शुक्ला शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली और राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
वीडियो कॉल के दौरान राजनाथ सिंह ने बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से चलाए जा रहे राहत एवं सहायता कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और वह जल्द लखनऊ आकर क्षेत्र का दौरा करेंगे।
गोमती का जलस्तर घटने से राहत की उम्मीद : डॉ. नीरज बोरा
इस दौरान विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद करते हुए बताया कि गोमती नदी का जलस्तर करीब छह इंच कम हुआ है, जबकि नैमिषारण्य में नदी का जलस्तर एक मीटर घटने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि नैमिषारण्य में जलस्तर कम होने के बाद लखनऊ में इसका असर दिखने में लगभग 30 से 36 घंटे लगते हैं। मौजूदा स्थिति के आधार पर अगले एक सप्ताह में हालात सामान्य होने की उम्मीद है।
डॉ. नीरज बोरा ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वह और उनकी टीम उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जो लोग बाढ़ के कारण अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं, उनके वापस लौटने पर भी राशन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसी परिवार को जरूरी खाद्य सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े।
सफाई, चिकित्सा और राशन व्यवस्था पर नजर
विधायक ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, चिकित्सा और राशन वितरण की व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है। संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उनकी टीम भी प्रतिदिन राशन वितरण सहित अन्य सहायता कार्यों में जुटी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राहत अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का प्रयास है कि बाढ़ के कारण परेशानी झेल रहे लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और स्थिति सामान्य होने तक उन्हें हरसंभव सहायता मिलती रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal