Friday , October 9 2026

विज्ञान फाउंडेशन : जागरूकता शिविर में 92 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 35 श्रमिकों का पंजीयन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विज्ञान फाउंडेशन द्वारा श्रम विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग तथा जिला नगरीय विकास अभिकरण के सहयोग से पलटन छावनी स्थित आश्रय गृह में विशेष श्रमिक जागरूकता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य भवन निर्माण श्रमिकों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, पटरी दुकानदारों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं, श्रमिक कल्याणकारी सुविधाओं, निःशुल्क कानूनी सहायता और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना था। शिविर में कुल 177 लोग उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान श्रम विभाग की ओर से 35 श्रमिकों का पंजीयन किया गया, जबकि जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के सहयोग से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 9 लोगों का पंजीयन किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा संबंधी सेवाओं का आयोजन फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से वर्तिका के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कुल 92 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।

बतौर मुख्य अतिथि मौजूद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव कुँवर मित्रेष सिंह कुशवाहा ने श्रमिकों एवं उपस्थित लोगों को विधिक सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पात्र लोगों को निःशुल्क विधिक सेवाएं प्रदान की जाती हैं। श्रमिक एवं जरूरतमंद व्यक्ति कानूनी समस्या होने पर प्राधिकरण से संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता और परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने श्रमिकों को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध विधिक सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

वही श्रम प्रवर्तन अधिकारी शरद कुमार ने बताया कि श्रम विभाग की ओर से 17 सितंबर से विभिन्न लेबर अड्डों एवं निर्माण स्थलों पर श्रमिक पंजीयन एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य श्रमिकों तक विभागीय सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने श्रमिकों को पंजीयन, नवीनीकरण, आवश्यक दस्तावेजों और श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की पात्रता संबंधी जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने श्रमिकों को विभागीय प्रक्रियाओं को समझकर उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

डूडा की ओर से मोहम्मद दानिश ने उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बारे में जानकारी दी तथा पात्र पटरी दुकानदारों को योजना के अंतर्गत पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम समन्वयक गुरुप्रसाद ने इंडिया लेबर लाइन कार्यक्रम के बारे में बताया कि लेबरलाइन द्वारा श्रमिको की मुफ्त मदद एवं सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 18008339020 जारी किया गया है।

शिविर के सफल आयोजन में विज्ञान फाउंडेशन की पेयर लीडर सिफा, रोशनी, प्रांशु, रोशनी गुप्ता, फातिमा जुलेखा एवं चांदनी तथा लेबर लाइन से रुखसार बानो, अंकित वर्मा, अमित सिंह, अमर सिंह, संजय सिंह, शिवानी एवं धर्मेन्द्र पासवान सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही। सभी ने शिविर में आए श्रमिकों एवं जरूरतमंद लोगों तक विभागीय सेवाओं और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा शिविर की विभिन्न गतिविधियों के संचालन में सहयोग किया।