Friday , October 9 2026

ऑनलाइन गेम्स की लत से बचें बच्चे, दादी-नानी की कहानी ने सिखाया सबक

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बच्चों में नैतिक मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से लोक संस्कृति शोध संस्थान की मासिक श्रृंखला दादी-नानी की कहानी का 86वाँ आयोजन इन्दिरा नगर के सेक्टर 18 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में हुआ। इस अवसर पर स्टोरीमैन जीतेश ने बच्चों को प्रेरक कहानी सुनाकर ऑनलाइन गेम्स की लत से बचने और मोबाइल से दूरी बनाने का संदेश दिया।

कहानी में विक्की को ऑनलाइन गेम्स की लत लग जाती है। वह गेम खेलने के लिए चोरी करता है और दस लाख रुपये गँवा देता है। अपनी गलती का एहसास होने पर वह ऑनलाइन गेम्स छोड़कर पढ़ाई में जुट जाता है। कहानी के माध्यम से बच्चों को मेहनत, विनम्रता और अच्छे व्यवहार का महत्त्व भी समझाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मनोरंजक खेल से हुई। कहानी सुनने के बाद बच्चों ने कथा पर आधारित प्रश्नों के उत्तर दिए और उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय की प्रधानाचार्य पुष्पा कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संस्थान की सचिव डॉ. सुधा द्विवेदी, कला समीक्षक डॉ. एस.के.गोपाल के अतिरिक्त ऋचा प्रकाश सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।