Wednesday , October 7 2026

हर बाढ़ प्रभावित परिवार तक मदद पहुंचाना हमारा संकल्प : डॉ. नीरज बोरा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैजुल्लागंज के दाउदनगर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राहत अभियान छठे दिन भी जारी रहा। लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा के नेतृत्व में पुरनिया स्थित विधायक कार्यालय से राहत सामग्री प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना की गई।

इस दौरान डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में कोई भी प्रभावित परिवार स्वयं को अकेला महसूस न करे, यही संकल्प है। प्राकृतिक आपदा का सामना सभी को मिलकर करना है और प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार को आवश्यक खाद्य सामग्री और जरूरी सहायता उपलब्ध नहीं करा दी जाती। राहत टीम ने दाउदनगर क्षेत्र के लोहरामऊ, गणेश विहार और विष्णु विहार में पहुंचकर प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री वितरित की। अभियान के दौरान टीम ने जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं की जानकारी भी ली और उन्हें आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।