Tuesday , October 6 2026

सोलर वेंडर्स और UPNEDA संग बैंक ऑफ बड़ौदा की बैठक

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन को गति देने तथा लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा UPNEDA, सोलर वेंडर्स एवं संबंधित अधिकारियों के साथ गोमतीनगर में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के अंचल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शैलेन्द्र कुमार सिंह (महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, लखनऊ अंचल, बैंक ऑफ बड़ौदा तथा संयोजक, एसएलबीसी, उत्तर प्रदेश) द्वारा की गई। बैठक में विशेष अतिथि के रूप में राजेश कुमार सिंह (महाप्रबंधक, खुदरा आस्तियां, बैंक ऑफ बड़ौदा, कॉर्पोरेट कार्यालय) ने सहभागिता की।

बैठक में पंकज सिंह (सचिव, UPNEDA), बैंक के अंचल एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न जनपदों के परियोजना अधिकारी (PO), NEDA, सोलर वेंडर्स तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की।

बैठक में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत ऋण वितरण में तेजी लाने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। बैंक द्वारा योजना के अंतर्गत लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण एवं ऋण वितरण को गति प्रदान करने के लिए बैंक द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों से सभी को अवगत कराया गया।

इस अवसर पर पंकज सिंह (सचिव, UPNEDA) ने बताया कि उत्तर प्रदेश ने पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन के क्षेत्र में देशभर में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। राज्य में इस उपलब्धि को बनाए रखने तथा योजना की गति को और बढ़ाने के लिए राज्य एवं जनपद स्तर के अधिकारी सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा प्रस्तावित रणनीति के अनुरूप सभी संबंधित जिला अधिकारियों से सोलर वेंडर्स एवं बैंक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए इंस्टॉलेशन एवं ऋण वितरण की गति को बनाए रखने का आह्वान किया।

बैठक के अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथि ने बैंक अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों, जनपद स्तरीय NEDA अधिकारियों एवं सोलर वेंडर्स को संबोधित करते हुए योजना के अंतर्गत बैंक द्वारा प्रस्तावित विशेष ऋण वितरण अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी हितधारकों से आपसी समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई के माध्यम से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों तक ऋण सुविधा समयबद्ध रूप से पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान विभिन्न सोलर वेंडर्स द्वारा योजना के क्रियान्वयन, ऋण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पोर्टल संबंधी विषयों एवं अन्य परिचालन संबंधी मुद्दों पर प्रश्न एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। बैंक अधिकारियों द्वारा वेंडर्स द्वारा उठाए गए विभिन्न प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान किया गया तथा बैंक में प्रचलित दिशा-निर्देशों एवं ऋण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

बैंक ऑफ बड़ौदा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से पूरा करने तथा अधिक से अधिक पात्र परिवारों को सौर ऊर्जा एवं ऋण सुविधा का लाभ उपलब्ध कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।