लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमती नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए फैजुल्लागंज एवं दाऊदनगर क्षेत्र में प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति को लेकर केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह लगातार मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी से संपर्क कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न होने के निर्देश दिए हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि फैजुल्लागंज एवं दाऊदनगर क्षेत्र में गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे और प्रभावित लोगों को हर संभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जिलाधिकारी से राहत एवं बचाव कार्यों की निरंतर जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी को भी निर्देशित किया कि संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से सहयोग करें और जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सामग्री एवं सहायता तत्काल पहुंचाई जाए।

इस बीच भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता फैजुल्लागंज एवं दाऊदनगर क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेते हुए नागरिकों की समस्याओं को सुना और राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग किया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। प्रभावित परिवारों तक आवश्यक खाद्य सामग्री एवं अन्य जरूरी सहायता पहुंचाने के साथ ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा और संवेदना की भावना के साथ प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राहत कार्य में जुटे हैं। किसी भी नागरिक को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सहायता के लिए प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं। किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर तत्काल सूचना उपलब्ध कराई जा सकती है, जिसके बाद संबंधित टीम द्वारा त्वरित राहत एवं सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
आनंद द्विवेदी ने कहा कि भाजपा लखनऊ महानगर के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जरूरतमंद परिवारों की सहायता करें। जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार राहत कार्यों को और व्यापक किया जाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal