Tuesday , October 6 2026

स्व. डीपी बोरा की स्मृतियों को समर्पित रहा मातृशक्ति सम्मान समारोह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पूर्व विधायक स्वर्गीय डीपी बोरा की जयंती की पूर्व संध्या पर बोरा फाउंडेशन की ओर से उनके द्वारा बसाए गए कश्यप नगर में ‘मातृ शक्ति सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। समारोह में करीब 250 माताओं एवं बहनों को साड़ी व उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम में स्व. डीपी बोरा के पुत्र व क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, बोरा फाउंडेशन की चेयरपर्सन बिंदु बोरा और निदेशक इंजीनियर वत्सल बोरा ने मातृशक्ति का सम्मान किया। परिवार के सदस्यों ने सभी माताओं एवं बहनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि स्वर्गीय डीपी बोरा ने सदैव सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी। उनकी स्मृतियों को जनसेवा से जोड़ते हुए मातृशक्ति का सम्मान करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

समारोह के दौरान स्वर्गीय डीपी बोरा से जुड़ी पुरानी स्मृतियों और उनके सामाजिक कार्यों से जुड़े संस्मरण भी साझा किए गए। उपस्थित माताओं एवं बहनों ने स्वर्गीय डीपी बोरा को याद करते हुए उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।