Tuesday , October 6 2026

HCLTech लखनऊ में लगाएगा 500 करोड़, 1,000 छात्रों को देगा AI की ट्रेनिंग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अग्रणी वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनी HCLTech ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और HCLTech की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा की उपस्थिति में लखनऊ में अपने कामकाज के दस साल पूरे होने का जश्न मनाया।

भविष्य के लिए तैयार प्रतिभाओं में अपने लगातार निवेश के तहत HCLTech ने घोषणा की कि वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान अपने लिटमस प्रोग्राम के जरिए वह उत्तर प्रदेश भर के 1,000 छात्रों को AI और उससे जुड़ी तकनीकों का प्रशिक्षण देगी। HCLTech का टेकबी प्रोग्राम राज्य के 2,200 से अधिक उम्मीदवारों को पहले ही प्रशिक्षण और रोजगार दे चुका है।

इस उपलब्धि का खास जश्न मनाते हुए HCL group ने 500 करोड़ रुपये के निवेश की योजना के साथ HCL आईटी सिटी के विस्तार की घोषणा की। प्रस्तावित विस्तार से 9.5 लाख वर्ग फुट तक की नई क्षमता तैयार होगी, जिसमें 4,500 टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल्स काम कर सकेंगे। इससे देश के एक प्रमुख टेक्नोलॉजी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर हब के रूप में लखनऊ की स्थिति और मजबूत होगी।

HCL Group ने HCL आईटी सिटी में HCL-GUVI इमर्जिंग टेक्नोलॉजी सेंटर भी शुरू किया। ताकि क्षेत्र के छात्रों और प्रोफेशनल्स को AI, डेटा एनालिटिक्स और उभरती तकनीकों का कौशल दिया जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है और इसमें अलग-अलग क्षेत्रों की भागीदारी ‘सबका साथ, सबका विकास’ सुनिश्चित करती है। इस लक्ष्य के केंद्र में लखनऊ की AI सिटी है। पिछले एक दशक में HCL आईटी सिटी इस कहानी की धुरी रही है, जिसने क्षेत्र के टेक्नोलॉजी और टैलेंट इकोसिस्टम में भरपूर योगदान दिया है। हम HCLTech को धन्यवाद देते हैं कि वह कारोबारी निवेश के साथ-साथ समावेशी विकास में योगदान देने वाली अभिनव सामुदायिक पहलों के जरिए उत्तर प्रदेश के प्रति लगातार प्रतिबद्ध है।”

HCLTech की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने कहा, “उत्तर प्रदेश हमारी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। यहीं से HCL ग्रुप ने 50 साल पहले अपनी यात्रा शुरू की थी और भारत के टेक्नोलॉजी उद्योग की नींव रखी थी। इस साल हम HCL ग्रुप की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। ऐसे में यह विस्तार उत्तर प्रदेश की प्रतिभा, आकांक्षाओं और संभावनाओं पर हमारे अटूट भरोसे को दिखाता है। साथ ही, यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य के टेक्नोलॉजी आधारित विकास के एक प्रमुख केंद्र के रूप में लगातार उभरने पर हमारे विश्वास का भी प्रतीक है। HCLTech राज्य की डिजिटल और इनोवेशन यात्रा में योगदान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

2016 में कामकाज शुरू करने के बाद से HCL आईटी सिटी HCLTech के प्रमुख ग्लोबल डिलीवरी सेंटर्स में से एक बन गई है। जहां 12,500 से अधिक लोग काम करते हैं और जो 150 से अधिक वैश्विक कंपनियों को सेवाएं देती है। इस बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने पर HCLTech का फोकस रहा है। उत्तर प्रदेश के हजारों प्रोफेशनल्स ने लखनऊ कैंपस में सफल करियर बनाया है। उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग मजबूत करने और छात्रों के लिए करियर के रास्ते तैयार करने के लिए एचसीएलटेक की क्षेत्र के 40 से अधिक इंजीनियरिंग कॉलेजों के साथ साझेदारी भी है।

कारोबार के अलावा, HCLTech HCLFoundation के जरिए स्थानीय समुदायों में भी लगातार निवेश कर रही है। माननीय मुख्यमंत्री ने HCLFoundation के कार्यक्रमों के लाभार्थियों को सम्मानित किया, जिनमें महिला उद्यमी और आजीविका एवं कौशल विकास पहलों से मदद पाने वाले लोग शामिल थे।