लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। बहुचर्चित फिल्म हनुमान अंश में बाबा नीम करौली महाराज की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अभिनव श्रीवास्तव उर्फ शोभिनव सत्या की बहन उन्नति श्रीवास्तव ने अपने बड़े भाई के व्यक्तित्व के कई अनदेखे पहलुओं को साझा किया। कायस्थ परिवार की ओर से आईआईएम रोड स्थित महर्षि विद्या मंदिर में आयोजित स्वागत एवं सम्मान समारोह में उन्नति ने बताया कि दोनों भाई-बहन के स्वभाव में काफी अंतर है। वह जल्दी गुस्सा हो जाती हैं, जबकि शोभिनव बेहद शांत रहते हैं और विवाद की स्थिति में भी सबको समझाने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि शोभिनव भले ही आज चर्चित अभिनेता बन गए हों, लेकिन परिवार के लिए वह अब भी बिल्कुल पहले जैसे ही हैं। उनकी मुस्कान, सहजता और मिलनसार स्वभाव में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्नति के मुताबिक, परिवार का कोई भी समारोह शोभिनव के बिना अधूरा सा लगता है। वह जहां पहुंचते हैं, वहां माहौल अपने आप खुशनुमा हो जाता है।
उन्होंने कहा कि पर्दे पर बाबा नीम करौली महाराज के किरदार में नजर आई शांति और सरलता बड़े भाई शोभिनव के वास्तविक व्यक्तित्व का भी हिस्सा है। यही वजह है कि उनका अभिनय लोगों को इतना स्वाभाविक और प्रभावशाली लगा।
उन्नति ने कहा कि शोभिनव के व्यक्तित्व की यही सहजता बाबा नीम करौली महाराज के किरदार में भी दिखाई देती है। फिल्म में बाबा के किरदार को जिस तरह शांत और सरल रूप में प्रस्तुत किया गया है, शोभिनव वास्तविक जीवन में भी काफी हद तक वैसे ही हैं। उनके बात करने और लोगों से मिलने का तरीका भी स्वाभाविक है। यही वजह है कि पर्दे पर उनका अभिनय बनावटी नहीं लगा।

उन्होंने अपने और भाई के स्वभाव में अंतर बताते हुए कहा कि वह स्वयं कभी कभी नाराज हो जाती हैं, जबकि शोभिनव बेहद शांत स्वभाव के हैं। उन्होंने कहा कि व्यस्तता के कारण भाई से बातचीत कम हो पाती है तो कभी-कभी उनसे नाराजगी भी हो जाती है। उन्होंने हंसते हुए बताया कि भाई उन्हें समझाते हुए कहते हैं कि वह इस समय काफी व्यस्त हैं और समय निकालकर जल्द बात करेंगे।
उन्नति ने कहा कि शोभिनव का शांत स्वभाव केवल परिवार तक सीमित नहीं है। परिवार में यदि कभी माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो जाए तो वह भी स्थिति को शांत करने का प्रयास करते हैं। उनका मानना है कि विवाद और नाराजगी परिवार का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन बात को बढ़ाने के बजाय शांत रहकर समाधान निकालना चाहिए।
फिल्म में बाबा नीम करौली महाराज के किरदार के चयन को लेकर उन्नति ने कहा कि शोभिनव को इस भूमिका के लिए किसी अलग तरह से तैयार नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि निर्देशक ने उनके स्वभाव और व्यक्तित्व को देखकर ही उन्हें इस भूमिका के लिए चुना। उन्होंने कहा कि शोभिनव का बाबा के प्रति वर्षों से जुड़ाव और उनकी सहज आस्था भी इस भूमिका के लिए महत्वपूर्ण रही।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal