Monday , October 5 2026

खेलकूद व विविध प्रतियोगिताओं के साथ अग्रसेन जयंती समारोह का आगाज

बलरामपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अग्रवाल सभा, बलरामपुर की ओर से आयोजित 66वें श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का शुभारंभ रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ हुआ। समारोह के पहले दिन बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए खेलकूद समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समारोह के प्रथम दिवस सुबह श्री महाराजा अग्रसेन मंदिर परिसर में कैरम प्रतियोगिता, जनरल क्विज, मेहंदी, रंगोली और बच्चों की विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

सायंकाल श्री महाराजा अग्रसेन जी को माल्यार्पण के बाद मारवाड़ी युवा मंच सृजन शाखा, बलरामपुर की ओर से आयोजित अग्रसेन प्रीमियर लीग-2 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। हाईटेक तकनीक से आयोजित फाइनल में अग्रसेन चैलेंजर्स ने अग्रसेन नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम को भी ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर और बेस्ट बैट्समैन सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए गए। टूर्नामेंट में योगदान देने वाले अन्य खिलाड़ियों, अंपायरों और ग्राउंड स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के आयोजन में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष सौम्य अग्रवाल, सचिव विनोद बंसल के साथ आलोक अग्रवाल, मनीष तुलस्यान, सुनील अग्रवाल, अजय अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, साकेत तुलस्यान, शरद अग्रवाल, अभिषेक सिंघल, अंकित अग्रवाल भोला समेत अन्य कार्यकारिणी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। समारोह के आगामी कार्यक्रमों को लेकर समाज के लोगों में उत्साह बना हुआ है।