लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)।गोमती का बढ़ता जलस्तर दाऊदनगर और आसपास की बस्तियों में मुश्किलें बढ़ा रहा है। जलभराव के कारण कई परिवार अभी भी अपने घरों में रहने को मजबूर हैं, जबकि कुछ परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से नावों के जरिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।


जलभराव के बीच घरों में फंसे परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए रविवार को भी नावें ही सहारा बनीं। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा लगातार तीसरे दिन नाव से बाढ़ प्रभावित दाऊदनगर, मामा कॉलोनी, लोहरामऊ, कैलाश विहार और गणेश विहार का दौरा किया।
उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर घर-घर राशन किट और पानी की बोतलें वितरित कीं। जलभराव के बीच नाव के जरिए लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं भी सुनीं। मंत्री ने प्रभावित परिवारों को जल्द बंधा बनाए जाने का भरोसा दिलाया, वहीं विधायक ने स्थिति सामान्य होने तक हरसंभव मदद जारी रखने की बात कही।

राहत किट में अरहर की दाल, भुना चना, लईया, बिस्कुट, माचिस, मोमबत्ती, नहाने व कपड़े धोने के साबुन, चीनी, आटा, चावल, नमक, सरसों का तेल, रिफाइंड, हल्दी, मिर्च, सब्जी मसाला, आलू और प्याज सहित दैनिक जरूरत का सामान शामिल रहा। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को सेनेटरी पैड, सूती कपड़ा, डिस्पोजल बैग, तिरपाल, ढक्कनदार बाल्टी और मग भी उपलब्ध कराए गए।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रभावित परिवारों को शीघ्र बंधा बनाए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहेंगे। शासन-प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
विधायक डॉ. नीरज बोरा ने भी लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने राहत सामग्री वितरण के लिए अपनी टीम को भी लगाया है और स्वयं नाव से प्रभावित घरों तक पहुंचकर राशन वितरित किया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर, नगर आयुक्त गौरव कुमार, एडीएम राकेश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर साहिल कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal