Saturday , October 3 2026

सात दिवसीय श्रीमद्भागवत राधारमण कथा 4 अक्टूबर से

 

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्री राधारमण सेवा समिति के तत्वावधान में 4 से 10 अक्टूबर तक डीएवी कॉलेज, पं. रास बिहारी तिवारी मार्ग, ऐशबाग में श्रीमद्भागवत राधारमण कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन वृंदावन धाम के परम पूज्य श्री पुंडरीक गोस्वामी जी महाराज करेंगे।

आयोजक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि परम पूज्य श्री मनमाधव गौड़ेश्वर वैष्णव आचार्य श्री पुंडरीक गोस्वामी जी महाराज की कथा का लखनऊ में यह दूसरी बार आयोजन हो रहा है। 4 से 9 अक्टूबर तक कथा प्रतिदिन शाम चार से सात बजे तक होगी। वहीं, 10 अक्टूबर को कथा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित किया गया है। कथा के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर को कथा के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं श्री राधारमण सेवा समिति के संरक्षक ब्रजेश पाठक की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

आयोजक मंडल के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर भव्य एवं सुव्यवस्थित पंडाल तैयार किया गया है। यहां श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। असहाय, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालुओं के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग डीएवी कॉलेज परिसर के अंदर ही की गई है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

अमरनाथ मिश्र ने श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया। आयोजन में अमरनाथ मिश्र, राजेंद्र कुमार अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, अनिल कुमार अग्रवाल, मुन्ना भैया (आरआर ग्रुप), समीर मित्तल, नवीन गुप्ता, रोहित अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अनुराग मिश्रा, आनंद रस्तोगी एवं शिवम अग्रवाल आयोजक एवं यजमान के रूप में शामिल हैं। आयोजक मंडल में सुनील कुमार मिश्रा, मनोज राय, कुश भी शामिल हैं।