Saturday , October 3 2026

बाढ़ प्रभावितों के बीच नाव से पहुंचे विधायक, घर-घर पहुंचाई राहत सामग्री


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमती नदी में जलस्तर के बढ़ने के कारण फैजुल्लागंज क्षेत्र के दाऊदनगर, मामा कॉलोनी एवं आसपास क्षेत्र में बने बाढ़ जैसे हालात के बीच शनिवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा एवं विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ नाव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। 

उन्होंने घर-घर पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। उल्लेखनीय है, कि पिछले कई दिनों से गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण फैजुल्लागंज के नदी किनारे बसे दाऊदनगर, मामा कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने मामा कॉलोनी पहुंचकर प्रभावित लोगों को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा निशुल्क दिए जाने वाली राशन सामग्री किट वितरित की। किट में अरहर की दाल, भुना चना, लईया, बिस्कुट के पैकेट, माचिस, मोमबत्ती, चीनी, चावल, आटा, नमक, सरसों का तेल, रिफाइंड, मसाले, आलू, प्याज सहित आवश्यक चीजें शामिल हैं। इसके अलावा सेनेटरी पैड, सूती कपड़ा, नहाने एवं कपड़ा धोने वाला साबुन, डिस्पोजल बैग, बाल्टी भी पीड़ितों को उपलब्ध कराई गई। 

उन्होंने चिकित्सा सुविधा के बारे में भी लोगों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुसार राहत एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर निरंतर तत्परता बनाए रखने का निर्देश भी दिया। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज में बार-बार होने वाले जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने मामले को संज्ञान में लिया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा आईआईएम रोड से हार्डिंग ब्रिज (पक्का पुल) तक बांध निर्माण के लिए लगभग 182 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

विधायक ने कहा कि उन्होंने भी मुख्यमंत्री से फैजुल्लागंज के प्रभावित एवं नदी किनारे बसे लोगों की समस्याओं को देखते हुए बांध निर्माण की प्रक्रिया में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को बार-बार बाढ़ और जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

इस दौरान केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, एडीएम राकेश कुमार सिंह, एडीएम एमपी सिंह, उप जिलाधिकारी सदर साहिल कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।