Friday , October 2 2026

जलभराव प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचीं बिंदु बोरा, घर-घर बांटी राहत सामग्री

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर से दाऊदनगर और आसपास के इलाकों में जलभराव के चलते जनजीवन प्रभावित है। प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बोरा फाउंडेशन की चेयरपर्सन एवं समाजसेवी बिंदु बोरा ने शुक्रवार को चौबे की डेयरी और मामा कॉलोनी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने घर-घर पहुंचकर प्रभावित परिवारों का हाल जाना और जरूरतमंदों को राशन सामग्री वितरित की।

बिंदु बोरा ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना और उनकी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि राहत सामग्री वितरण का कार्य शनिवार को भी अन्य प्रभावित कॉलोनियों में जारी रहेगा।

गौरतलब है कि गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी भर गया है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ ही रोजमर्रा के कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बोरा फाउंडेशन की ओर से प्रभावित परिवारों की जरूरत के अनुसार राहत और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है।

इस अवसर पर शैलेंद्र मौर्य, सुनील सिंह, राम किशोर चौबे, श्रेया निगम, रीता सिंह, अनिल मिश्रा, सचिन गुप्ता, मनीष बाजपेई, किशोर प्रजापति, राघव सिंह, प्रमोद चतुर्वेदी, विनोद अवस्थी, आदित्य गौड़ समेत अन्य स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।