Friday , October 2 2026

बाल निकुंज : पीटी डिस्प्ले में नन्हे कदमों के तालमेल और अनुशासन ने मोहा मन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर गर्ल्स विंग स्थित शिव सहाय जी सभागार में गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को अंतरशाखीय किड्स पीटी डिस्प्ले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अनुशासन, तालमेल और उत्साह के साथ शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की सभी शाखाओं में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान दोनों महान विभूतियों के आदर्शों, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया गया।

पीटी डिस्प्ले में बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की सभी शाखाओं के प्री-प्राइमरी वर्ग के प्ले ग्रुप, नर्सरी और केजी-1 के कुल 511 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने विभिन्न पीटी गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और सामूहिक तालमेल का प्रभावी प्रदर्शन किया। नन्हे बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद अभिभावकों एवं शिक्षकों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडियन क्लासिकल वोकलिस्ट, वोकल कोच एवं कंपोजर वरुण मिश्रा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य एवं इंचार्ज, शिक्षकगण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।