लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारतरत्न लालबहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने महात्मा गांधी के चित्र का अनावरण कर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में गांधी जी के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म भी चलाई गई। साथ ही कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने से हुई।
इस मौके पर कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें आज उनके विचारों, सिद्धांतों को अपनाने की जरूरत है। अपने निजी स्वास्थ्य से ऊपर उठकर देशहित में काम करना होगा। सबसे जरूरी है स्वच्छता। विश्वविद्यालय को अपने घर की तरह समझते हुए आस-पास सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सही मायने में तभी उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कुलसचिव रीना सिंह ने दोनों विभूतियों के जीवन और उनके संघर्षों को याद किया। साथ ही इस अवसर पर सरकार की ओर से चलाई जा रही जनोपयोगी योजनाओं के बारे में बताया। वित्त अधिकारी केशव सिंह ने कहा कि गांधी जी ने स्वतंत्रता आंदोलन में जन भागीदारी के लिए कई प्रयोग किए। खुद की जीवनशैली को सादगी से जिया।
इस मौके पर सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों ने गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा छात्राओं ने प्रभातफेरी भी निकाली। कार्यक्रम का संचालन उपकुलसचिव डॉ0 आयुष श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में सहा0 कुलसचिव सुनील पाण्डेय, सहा0 कुलसचिव सौरभ सिंह, सहा0 कुलसचिव रंजीत सिंह, सहा0 कुलसचिव डॉ0 शिवम गुप्ता, डॉ0 आकाश वेद, व्यवस्थाधिकारी प्रवीन कुमार, स्टाफ ऑफिसर अमित मलिक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal